विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी का बेटा फिरोज उर्फ भूरा हिस्ट्रीशीटर, घटना का संबंध 500 करोड़ की जीएसटी चोरी से भी

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 13 Nov 2026 01:21 PM (IST)

पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज कुरैशी उर्फ भूरा को मेरठ पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर घोषित किया है। उसका नाम ...और पढ़ें

फिरोज उर्फ भूरा l सौ. पुलिस

फिरोज उर्फ भूरा l सौ. पुलिस

HighLights

  1. फिरोज कुरैशी को मेरठ पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बनाया।

  2. 500 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी से जुड़ा मामला।

  3. विदेश यात्रा पर प्रतिबंध... पुलिस निगरानी में रहेगा।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज कुरैशी उर्फ भूरा को पुलिस ने कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर बनाया है। दो माह पहले भूरा ने अदनान के साथ सलमान गिरोह के असलम पहलवान के घर फायरिंग की थी। इस घटना का संबंध 500 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी से जुड़ा था। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद वह विदेश नहीं जा सकेगा। उसे हर माह कोतवाली थाने में हाजिरी देनी होगी और बीट कांस्टेबल उसकी निगरानी करेंगे।

आठ सितंबर की रात सराय बहलीम निवासी फिरोज कुरैशी और अदनान पिस्टल लेकर सलमान गिरोह के शूटर असलम पहलवान के घर पहुंचे थे। घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद असलम की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने फायरिंग की धाराएं बढ़ाकर फिरोज को जेल भेजा। अदनान पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर गाजियाबाद से जेल गया था। बाद में दोनों जमानत पर बाहर आ गए। पुलिस जांच में फायरिंग का संबंध 26 दिसंबर 2025 को आगरा में हुई 500 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी से सामने आया।

चोरी के आठ आरोपितों में शामिल दिलशाद मलिक आगरा जिला कारागार में बंद था। वह न्यू इस्लाम नगर, लोहिया नगर का निवासी और मूल रूप से ओखलेना कल्यानपुर, मेरठ का रहने वाला है। दिलशाद की जेल में सेटिंग कराने के लिए उसके भाई शहजाद ने हशमत के बेटे मेहराज अली से संपर्क किया। मेहराज की मौसी के बेटे राशिद ने जेल में सेटिंग कराने का भरोसा दिया। राशिद की फिरोज के साले शाहनवाज से भी दोस्ती है।

शहजाद ने 10 लाख रुपये मेहराज और फिरोज की जमानत पर राशिद को दिए। रकम जेल तक नहीं पहुंचने से दिलशाद की सेटिंग नहीं हो सकी। शहजाद ने रकम वापस मांगी, लेकिन सभी ने इन्कार कर दिया। इसके बाद शहजाद ने अपने फुफेरे भाई असलम पहलवान को रकम वसूलने का काम सौंपा। तय हुआ कि वसूली की रकम में से तीन लाख रुपये असलम रखेगा और सात लाख शहजाद को मिलेंगे। इसी दौरान फिरोज, अदनान और एक अन्य साथी पिस्टल लेकर असलम के घर पहुंचे थे।

सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि फिरोज की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। फिरोज उर्फ भूरा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, सील मकान में अनाधिकृत प्रवेश, पासपोर्ट नवीनीकरण में फर्जीवाड़ा समेत 10 मुकदमे दर्ज है। नवंबर 2022 में मीट फैक्ट्री और उससे जुड़े मुकदमों में गिरफ्तारी के बाद करीब 96 दिन जेल में रहा। इसके बाद जमानत पर बाहर आया। सितंबर 2026 में असलम पहलवान फायरिंग प्रकरण में दोबारा जेल भेजा गया। वर्तमान में वह जमानत पर जेल से बाहर है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।