बुलंदशहर में दिन निकलते ही दो पक्षों के बीच फायरिंग और पथराव, 6 घायल, पुलिस बल तैनात Bulandshahr News
बुलंदशहर जनपद के कस्बा अनूपशहर में शनिवार को दिन निकलते ही हालात उस वक्त बेकाबू हो गए जब दो पक्षों के बीच अचानक संघर्ष हो गया। पथराव फायरिंग में छह लोग घायल हुए हैं।
बुलंदशहर, जेएनएन। बुलंदशहर जनपद के कस्बा अनूपशहर के मोहल्ला गदियाना में एक ही समुदाय के दो पक्षों में शनिवार को दिन निकलते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग के दौरान गोली लगने से आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल मोहल्ले में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात है।
वर्चस्व की लड़ाई को लेकर तनातनी
घटनाक्रम के अनुसार अनूपशहर नगर के मोहल्ला गदियाना में गद्दी बिरादरी के दो पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर पिछले कई वर्षों से तनातनी चल रही है और कई बार गोलीबारी भी हो चुकी है। शनिवार को सुबह होते ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच बहस के बाद गोलीबारी शुरू हो गई। दोनों पक्षों की ओर से लगभग 20 राउंड गोलियां चलीं और जोरदार पथराव किया गया जिसमें राहगीर सहित आधा दर्जन लोग गोली, ईंट आदि लगने से घायल हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनकर पूरा इलाका थर्रा गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे।
किसी भी पक्ष ने नहीं दी तहरीर
पुलिस पहुंचते ही हमलावर आरोपित भाग गए। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस मंगवा कर चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी पक्षों के घरों पर दबिश दी। किंतु वहां कोई नहीं मिला। महिलाओं को हिरासत में लेकर पुलिस कोतवाली ले आई है। इस प्रकरण में पुलिस ने सपा के एक नेता को भी हिरासत में ले लिया है। घटना को लेकर नगर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अभी किसी पक्ष की ओर से कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई है। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ अतुल कुमार चौबे ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।