महिला प्रधान ने जताई हत्या की आशंका, मांगी सुरक्षा
मेरठ,जेएनएन। महिला ग्राम प्रधान ने अपनी हत्या की आशंका जताते हुए कप्तान से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि 10 साल पहले पति की भी हत्या हो चुकी है। गांव में दूसरे पक्ष ने कुछ दिन पहले बेटे पर भी हमला किया था। पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
भावनपुर थाना क्षेत्र के लुत्फुल्लापुर बक्सर गांव की प्रधान रुकसाना ने बताया कि रंजिश में ही 10 साल पहले पति नौशाद की हत्या कर दी गई थी। गांव में दूसरा पक्ष उनके खिलाफ है। आए दिन शिकायत करता है। विकास के कार्य भी नहीं होने देता। पिछले दिनों एक लाइनमैन की पिटाई कर दी थी। इस संबंध में पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। शनिवार को उनका दिव्यांग बेटा इब्राहिम अपनी किराना की दुकान पर बैठा था। तभी दूसरे पक्ष के लोग पहुंचे और सामान ले जाने लगे। उसने रुपये मांगे तो गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर हमला कर दिया। आसपास के लोग दौड़े तो आरोपित फरार हो गए। उन्होंने तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को प्रधान अपने बेटे को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और सुरक्षा की गुहार लगाई। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।