विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व सैनिक मेगा रैली 14 नवंबर को मेरठ छावनी में, पूर्व सैनिक व आश्रितों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 11 Nov 2026 04:16 PM (IST)

मेरठ छावनी में 14 नवंबर को पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए एक मेगा ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संभावित उपस्थिति, समस्याओं का समाधान।

  2. पेंशन, बैंकिंग, रोजगार संबंधी समस्याओं का एक ही स्थान पर ही होगा निदान।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान और उन्हें विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 14 नवंबर को छावनी में मेगा पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया जाएगा। पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया की ओर से आयोजित यह रैली कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में सुबह 11 बजे शुरू होगी। इसमें मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिलों के पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके आश्रित प्रतिभाग करेंगे। इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आर्दित्यनाथ मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंच सकते हैं।

रैली का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को पेंशन, बैंकिंग, चिकित्सा, कैंटीन और रोजगार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए सेना अभिलेख कार्यालयों, पेंशन विभाग, बैंकों, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग और अन्य संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

रैली में पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। पीसीडीए (पेंशन), बैंक, डीपीडीओ और जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के माध्यम से पेंशन से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण कराने की व्यवस्था की गई है। जिन पूर्व सैनिकों को पेंशन भुगतान, पेंशन निर्धारण अथवा अन्य संबंधित मामलों में परेशानी आ रही है, उन्हें संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखने का अवसर मिलेगा। बैंकिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।


नई पेंशन व्यवस्था के तहत स्पर्श पेंशन पोर्टल पर पंजीकरण कराने और जीवन प्रमाणपत्र जमा करने में आ रही दिक्कतों के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। रैली में पूर्व सैनिकों को पोर्टल से संबंधित जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पेंशन संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने में उन्हें परेशानी न हो। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद रोजगार तलाश रहे पूर्व सैनिकों के लिए भी रैली महत्वपूर्ण होगी। इसमें आरएसबी, एडब्ल्यूपीओ लखनऊ और यूपीपीएसकेएनएल के माध्यम से उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। पूर्व सैनिकों को उनकी योग्यता और अनुभव के अनुरूप संभावित रोजगार विकल्पों से अवगत कराने का प्रयास होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।