मेरठ में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को मिली रही अंजाम भुगतने की धमकी
मेरठ में दौराला नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को नामजद आरोपित मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। आरोपितों पर नामजद मुकदमा दर्ज के बाद भी पुलिस नहीं कर पा रही गिरफ्तारी।
मेरठ, जागरण संवाददाता। दौराला नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को नामजद आरोपित मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस अभी तक नामजद एक भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जबकि कोर्ट में आरोपितों की अग्रिम जमानत अर्जी भी खारिज हो चुकी है।
दौराला नगर पंचायत दफ्तर के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह पर सिवालखास नगर पंचायत का अतिरिक्त कार्यभार है। अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने जानी थाने में सिवालखास नगर पंचायत चेयरमैन पति गुलजार पुत्र मुस्तफा समेत सात आरोपितों पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। दर्ज मुकदमे में बताया है कि 22 फरवरी 2022 को वह जानी नगर पंचायत दफ्तर में अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह सरकारी कार्य को पूरा कर रहे थे। तभी चेयरमैन पति गुलजार अपने साथ वकील पुत्र मुस्तफा, वार्ड-6 सभासद जावेद, वार्ड-4 सभासद इस्लाम पुत्र इंतजार, वार्ड-2 सभासद यूनुस पुत्र फय्याज, संविदा सफाई कर्मचारी जितेंद्र कुमार पुत्र कमरपाल और चालक इमरान पुत्र जाहिद दफ्तर में आए और गाली गलौज करते हुए खींचतान की।
विरोध करने पर सिर मेंं पिस्टल मारकर घायल कर दिया था। करीब एक घंटे तक दफ्तर में अधिशासी अधिकारी को बंधक बनाकर पीटा गया। शोर शराबे पर अन्य लोग पहुंचे तो अधिशासी अधिकारी को बचाकर दफ्तर से बाहर निकाला। पीड़ित अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर जानी थाने में धारा-147, 149, 323, 332, 342, 353, 427, 308 में मुकदमा दर्ज किया गया। मगर, मुकदमा दर्ज को करीब ढाई महीने बीत चुके हैं, मगर एक भी आरोपित को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपितों की कोर्ट में भी अग्रिम जमानत भी रद्द हो चुकी है।
इनका कहना है...
केस दर्ज को ढाई महीना बीत चुका है, बावजूद इसके पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपित केस वापस लेने का लगातार दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी मिल रही है। अफसरों से मिलकर प्रकरण बताया जाएगा।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी-दौराला।
नामजद आरोपित अपने घरों से फरार हैं। सभी के घर और नाते-रिश्तेदारों के यहां पुलिस दबिश दे रही है। टीम काम कर रही है, जल्द गिरफ्तार होंगे।
- संजय वर्मा, इंस्पेक्टर-जानी।