मेरठ में लगेगी चुनाव आयोग की क्लास, 18 जिलों की तैयारियों की होगी समीक्षा; UP के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
निर्वाचन आयोग 2 नवंबर को मेरठ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा। फाईल फोटो
HighLights
2 नवंबर को चुनाव आयोग और प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी करेंगे बैठक।
चार मंडल के कमिश्नर, जनपदों के डीएम, पुलिस आयुक्त, एसएसपी करेंगे प्रजेंटेशन।
जागरण संवाददाता, मेरठ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारी में भारत निर्वाचन आयोग अब पूरे जी जान से जुट गया है। पश्चिम के चार मंडल के 18 जनपदों की विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दो नवंबर को मेरठ में समीक्षा की जाएगी।
जिसमें चारों कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर, जनपदों के डीएम, एसएसपी अपनी चुनाव की तैयारियों का प्रजेंटेशन करेंगे। भारत निर्वाचन आयोग से उच्च अधिकारियों के साथ साथ प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी तैयारियों की समीक्षा करके उसमें सुधार के निर्देश देंगे।
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू करते हुए सबसे पहले पश्चिम उत्तर प्रदेश की तैयारियों को परखने का निर्णय लिया है। इसके लिए 2 नवंबर को मेरठ में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल के 18 जनपदों की तैयारियों की समीक्षा होगी। समीक्षा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग से वरिष्ठ अधिकारी मेरठ आएंगे। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के साथ अपर और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी रहेंगे।
इस दौरान प्रत्येक जनपद के डीएम और एसएसपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपनी तैयारियां का प्रजेंटेशन करेंगे।चारों मंडलों के कमिश्नर, गौतमबुद्धनगर के पुलिस आयुक्त व पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
मेरठ जिला प्रशासन ने इस बैठक की तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव आयोग के अधिकारियों, प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ प्रत्येक डीएम के लिए समन्वय अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। जो उनके जनपद के प्रजेंटेशन और उनके प्रवास के दौरान व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि प्रत्येक जनपद के प्रजेंटेशन के लिए पांच से दस मिनट का समय रहेगा। चुनाव आयोग के अधिकारी उनकी तैयारियों की समीक्षा करके उसमें सुधार के निर्देश देंगे तथा आयोग की अपेक्षाओं की जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि यह बैठक आगामी चुनावों के मद्देनजर महत्वपूर्ण है।