डॉग ट्रेनिंग की दुनिया में बड़ा बदलाव है 'Do as I do' मेथड, RVC सेंटर मेरठ में प्रस्तुत हुई यह नई रिसर्च
Dogs training: श्वानों (Dogs) को प्रशिक्षित करने के पारंपरिक तरीकों से हटकर नए शोध बताते हैं कि वे इंसानों और ...और पढ़ें

आरवीसी सेंटर में ट्रेंड डॉग्स।
HighLights
श्वान पारंपरिक पुरस्कार के बजाय अवलोकन से भी सीखते हैं।
डॉ. क्लाउडिया फुगाजा ने "डू एज आई डू" विधि विकसित की।
अमित तिवारी, मेरठ। श्वानों (Dogs) को प्रशिक्षण देने का पारंपरिक तरीका रहा है कि उन्हें कोई काम करने के लिए प्रेरित किया जाए, सही व्यवहार पर पुरस्कार दिया जाए और बार-बार अभ्यास कराकर उस व्यवहार को उनकी आदत बनाया जाए। आधुनिक वैज्ञानिक शोध ने श्वान प्रशिक्षण की इस स्थापित धारणा के आगे एक नया रास्ता खोला है।
शोध बताता है कि श्वान केवल अपने अनुभव और पुरस्कार से ही नहीं सीखते, बल्कि इंसानों और दूसरे श्वानों को देखकर भी नए काम करना सीख सकते हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह क्षमता उनमें बहुत कम उम्र से ही मौजूद होती है।
हंगरी के बुडापेस्ट स्थित एओट्वोस लोरांड विश्वविद्यालय के एथोलाजी विभाग की शोधकर्ता डा. क्लाउडिया फुगाजा ने अपने अध्ययन में श्वानों की सामाजिकता सीखने की क्षमता, नकल करने के व्यवहार और स्मरण शक्ति को प्रशिक्षण के नजरिये से समझाया है।

शोध प्रस्तुत करतीं डा. क्लाउडिया फुगाजा। जागरण आर्काइव
मेरठ स्थित रिमाउंट वेटनरी कोर सेंटर एंड कालेज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में प्रस्तुत उनका शोध बताता है कि श्वान प्रशिक्षण में इंसान का व्यवहार स्वयं एक प्रभावी शिक्षण का माध्यम बन सकता है। आठ सप्ताह के श्वान शावक (पिल्ला) पर किए गए प्रयोग खासे महत्वपूर्ण हैं। श्वान शावकों के सामने भोजन रखने वाला एक विशेष पहेली बाक्स रखा गया।
कुछ श्वान शावक को दिखाया गया कि एक दूसरा श्वान या इंसान उस बाक्स को किस तरह खोलकर भोजन प्राप्त करता है, जबकि नियंत्रण समूह को केवल बाक्स के पास किसी दूसरे व्यक्ति की मौजूदगी दिखाई गई। परिणाम में प्रदर्शन देखने वाले श्वान शावकों ने समस्या को अपेक्षाकृत तेजी से हल किया। खास बात यह रही कि उन्होंने दूसरे श्वान के साथ-साथ इंसान को देखकर भी समाधान सीख लिया।

शोध का एक दूसरा महत्वपूर्ण पहलू यह है कि युवा श्वान बिना किसी खाद्य पुरस्कार के भी इंसानों की गतिविधियों से प्रभावित होकर उनके व्यवहार की नकल करने की प्रवृत्ति दिखाते हैं। एक तुलनात्मक अध्ययन में श्वान शावकों, भेड़ियों के शावकों और बिल्ली के बच्चों को किसी अपरिचित वस्तु के साथ इंसान की अलग-अलग गतिविधियां दिखाई गईं।

आरवीसी सेंटर एंड कालेज में श्वानों को प्रशिक्षण देते सैन्य प्रशिक्षक l सौ. सेना
इस दौरान न तो भोजन का लालच दिया गया और न ही पहले से नकल करने का प्रशिक्षण दिया गया था। श्वानों के पिल्लों ने इंसानी गतिविधियों पर अधिक ध्यान दिया और प्रदर्शित क्रियाओं से अपने व्यवहार को मिलाने की प्रवृत्ति दिखाई।
डा. क्लाउडिया ने इसी प्राकृतिक क्षमता को प्रशिक्षण की व्यवस्थित तकनीक में बदलने के लिए "डू एज आइ डू" यानी ‘जैसा मैं करूं, वैसा तुम करो’ पद्धति विकसित की। इसमें पहले श्वान को एक विशेष नियम सिखाया जाता है। प्रशिक्षक कोई गतिविधि करके दिखाता है और फिर "डू इट" का संकेत देता है। श्वान उसी गतिविधि को दोहराता है।

आरवीसी सेंटर एंड कालेज में श्वानों को प्रशिक्षण देते सैन्य प्रशिक्षक l सौ. सेना
परिचित गतिविधियों पर इस नियम को समझने के बाद श्वान को नए और पहले कभी न सिखाए गए काम भी प्रदर्शन के आधार पर सिखाए जा सकते हैं। इस पद्धति पर हुए शोध में पाया गया कि प्रशिक्षित श्वान प्रदर्शन के बाद 10 मिनट तक ही नहीं, बल्कि एक से 24 घंटे के अंतराल के बाद भी दिखाई गई गतिविधियों को दोहरा सकते हैं। बीच में उनका ध्यान दूसरी गतिविधियों की ओर जाने के बावजूद वे सीखी हुई क्रिया याद रख सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।