जेल में डीएम-एसएसपी का छापा, कोना-कोना खंगाला
डीएम-एसएसपी ने शुक्रवार सुबह जिला कारागार में छापामारी की। छापे की सूचना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के निर्देशन में बनी तीन टीमों ने करीब एक घंटे तक जेल का कोना-कोना खंगाला। हालांकि इस दौरान किसी तरह की कोई अनियमितता देखने को नहीं मिली। अधिकारियों के जाने के बाद जेल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
मेरठ, जेएनएन : डीएम-एसएसपी ने शुक्रवार सुबह जिला कारागार में छापामारी की। छापे की सूचना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के निर्देशन में बनी तीन टीमों ने करीब एक घंटे तक जेल का कोना-कोना खंगाला। हालांकि इस दौरान किसी तरह की कोई अनियमितता देखने को नहीं मिली। अधिकारियों के जाने के बाद जेल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी अजय साहनी ने एडीएम सिटी महेशचंद शर्मा, एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह व सीओ के साथ सुबह साढ़े आठ बजे जिला कारागार में छापामारी कर दी। गेट पर अफसरों की दस्तक देख जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम-एसएसपी के नेतृत्व में गठित चार टीमों ने महिला बैरक, पुरुष बैरक, हाई सिक्योरिटी बैरक, रसोईघर, शौचालय, अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने बंदियों से उनकी परेशानियों के बारे में पूछा। करीब एक घंटे की छानबीन के बाद अधिकारी जेल से लौट गए। इस मौके पर जेल अधीक्षक डॉ. बीडी पांडेय, सीओ सिविल लाइन राम अर्ज, सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी, इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर रहमान सिद्दीकी मौजूद रहे।
अपराधियों की सही जगह जेल : डीएम
निरीक्षण के बाद डीएम अनिल ढींगरा ने कहा कि अपराधियों की सही जगह जेल है। जो व्यक्ति समाज में अराजकता या वैमनस्य फैलाएगा या अपराध करेगा, उसे जेल जाना ही होगा। कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इससे किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। डीएम ने दो टूक कहा कि अगर जेल में आपत्तिजनक वस्तुओं का सेवन होता मिला तो कड़ी कार्रवाई होगी। जेल के किसी अधिकारी-कर्मचारी की इसमें मिलीभगत मिली तो उनके खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।