विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ SSP मेरठ से शिकायत, भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप पर टिप्पणी को लेकर सपाइयों ने जताई नाराजगी

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 03 Nov 2026 02:39 PM (IST)

बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप पर टिप्पणी को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मेरठ एसएसपी से शिकायत की है।

कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री। (फाइल फोटो)

कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. धीरेंद्र शास्त्री पर भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी का आरोप।

  2. सपा नेताओं ने मेरठ एसएसपी से की शिकायत।

  3. धार्मिक भावनाओं को आहत करने पर कार्रवाई की मांग।

जागरण संवाददाता, मेरठ। कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप पर टिप्पणी पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने नाराजगी जताई है।

मंगलवार को सपा लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष शशिकांत गौतम और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनुज भड़ाना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मेरठ को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।

शशिकांत गौतम ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था, श्रद्धा और भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं। सार्वजनिक मंच से उनके स्वरूप और धार्मिक परंपराओं को लेकर कथित अमर्यादित टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने की छूट नहीं दी जा सकती। पुलिस संबंधित वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करे।

वहीं, अनुज भड़ाना ने कहा कि भारत की पहचान आपसी भाईचारे, धार्मिक सद्भाव और सभी धर्मों के सम्मान से है। किसी भी धर्म के आराध्य और धार्मिक प्रतीकों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी समाज में अनावश्यक तनाव पैदा कर सकती है। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अपनी भाषा और वक्तव्यों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

दोनों नेताओं ने शिकायत में संबंधित वीडियो और बयानों की सत्यता, संदर्भ तथा पूरे तथ्यों की जांच कराने, उचित कानूनी कार्रवाई करने और शिकायत पर हुई कार्रवाई से अवगत कराने की मांग की है। इस दौरान पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आकाश भड़ाना, अक्षय यादव, राहुल, शुभम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- हमारे राम सीधे, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े बयान पर विवाद के बाद कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी; दी सफाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।