गन्ना तौल बंद होने से फूटा किसानों का आक्रोश, कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन Meerut News
दौराला चीनी मिल से जुड़े कई गांवों में गन्ना तौल बंद होने से शुक्रवार को किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। बाद में एडीएम प्रशासन ने फोन पर अफसरों से नाराजगी जताई।
मेरठ, जेएनएन। दौराला चीनी मिल से जुड़े कई गांवों में गन्ना तौल बंद होने से शुक्रवार को किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए किसानों ने विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही अपनी मांग को लेकर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन दिया। पूर्व ग्राम प्रधान मसूरी के नेतृत्व में शुक्रवार को मसूरी, साधारणपुर, सैनी, नंगला शेखू, कस्तला समेत अन्य गांवों के लोग कलक्ट्रेट पहुंचे।
यह आ रही परेशानी
उनका कहना था कि वह सभी दौराला गन्ना मिल में अपना गन्ना देते हैं। जिसके लिए उनके गांवों में सेंटर बने हुए हैं। मसूरी से दौराला जाने वाली सड़क पर खरदौनी के पास दीवार लगाकर बंद कर दी गई है। जिससे किसान अपना गन्ना नहीं ले जा सकते। वहीं, दीवार लगाने के साथ ही कल से गन्ना केंद्र भी बंद हो गए हैं। अपनी मांग को लेकर किसानों ने एडीएम प्रशासन रामचंद्र से मुलाकात की। साथ ही पूरे मामले से अवगत कराया। किसानों की मांग थी कि पूरी सड़क पर दीवार न करके आधी सड़क को चालू रखा जाए। ताकि किसान अपना गन्ना चीनी मिल के लिए भेज सकें। वहीं, बंद किए गए तौल केंद्रों को तत्काल चालू कराया जाए।
समस्या के निवारण के निर्देश
उधर, किसानों से मुलाकात के दौरान एडीएम प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से फोन पर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही किसानों की समस्या को देखते हुए तत्काल सड़क को आधा खोलने के निर्देश दिए। यह आश्वासन मिलने के बाद किसान वापस लौट गए। मिलने वालों में चरण सिंह, श्याम सुंदर शर्मा समेत कई गांव के किसान शामिल रहे।