बागपत: भूमि विवाद में बेटे पर फरसे से कातिलाना हमला, बचाव में आई पत्नी पर भी प्रहार
बागपत में भूमि के विवाद में पिता ने अपने ही बेटे पर फरसे से कातिलाना हमला कर दिया। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। बचाव में आई पत्नी व दूसरे बेटे पर भी प्रहार किया गया ।
बागपत, जागरण संवाददाता। भूमि के विवाद में पिता ने अपने बेटे पर फरसे से कातिलाना हमला किया। युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। बचाव में आई पत्नी व दूसरे बेटे पर भी प्रहार किया गया।
यह है मामला
ग्राम सांकरौद निवासी महिला मुनेश देवी का कहना है कि उनके छह बेटे हैं। पिछले कुछ समय से परिवार में भूमि विवाद चल रहा है। उनका बेटा सचिन धामा दिल्ली के एम्स में नौकरी करते है। आरोप है कि भूमि विवाद के चलते पति ने बेटे सचिन धामा पर रविवार रात करीब 9 बजे फरसे से जानलेवा हमला किया। सचिन गंभीर रूप से घायल हुए। बचाव करने पर उन पर व दूसरे बेटे जोगिंद्र धामा पर भी पति ने हमला किया। जोगिंद्र भी घायल हुए। उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डा. विजय प्रकाश ने स्टाफ के साथ मिलकर घायल दोनों भाईयों का इलाज किया। हालत गंभीर होने पर सचिन धामा को एम्स के लिए रेफर किया। वहीं खेकड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
इन्होंने बताया...
थाना प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी का कहना है कि पिता ने अपने दो बेटों पर फरसे से हमला किया है। इनमें से एक युवक को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपित व्यक्ति मकान से फरार है।