शहर में पुलिया, नाली और इंटरलॉकिंग का काम होगा शुरू, 10 कामों के टेंडर फाइनल Meerut News
मेरठ में महामारी के चलते लम्बे समय से बन्द चल रहे शहर में निर्माण कार्य अब शुरू होंगे। नगर निगम ने बुधवार को लॉटरी प्रक्रिया से 10 कार्यों के टेंडर फाइनल किए।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना महामारी के चलते लम्बे समय से बन्द चल रहे शहर में निर्माण कार्य अब शुरू होंगे। नगर निगम ने बुधवार को लॉटरी प्रक्रिया से 10 कार्यों के टेंडर फाइनल किए।
सुबह 11.30 बजे निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर यशवंत कुमार, अधिशासी अभियंता नीना सिंह समेत ठेकेदारों की मौजूदगी में नगर निगम सभागार में 10 निर्माण कार्यो के लिए टेंडर फाइनल किए गए। जिसमें गौतम नगर गली नम्बर चार, पूर्वा अहिरान नाली व इंटरलॉकिंग, पांडव नगर डी ब्लॉक का पार्क, शास्त्रीनगर में सरदार पटेल पार्क, वार्ड 58 में पुलिया, वार्ड 89 मस्जिद के पास नाली, क्षतिग्रस्त सड़क निर्माण, लिसाड़ी रोड पर पुलिया, वार्ड 90 में क्षतिग्रस्त सड़क, पुलिया निर्माण का काम, वार्ड छह दिल्ली रोड स्थिति सूर्या पैलेस में नाली निर्माण, इंदिरा नगर में इंटरलॉकिंग टाइल्स आदि कार्यो के लिए टेंडर फाइनल किये गए। मालूम हो कि मंगलवार से लॉटरी प्रक्रिया के तहत निर्माण कार्यो के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हुई है।
22 जून तक चलेगी प्रक्रिया
108 कार्यो के लिए टेंडर लॉटरी के माध्यम से फाइनल होने हैं। कोरोना महामारी से बचाव को देखते हुए शारीरिक दूरी का पालन किया गया। चीफ इंजीनियर यशवंत कुमार ने बताया कि 22 जून तक लॉटरी की प्रक्रिया चलेगी। इस बीच प्रति दिन 10 से 15 कार्यो के ही टेंडर फाइनल किये जाएंगे। पुल-पुलिया, सड़क, इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण व नालों के मरम्मत के काम होने हैं।