बुलंदशहर में रालोद की महापंचायत में अजित सिंह ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना Bulandshahr News
बुलंदशहर के नुमाइश मैदान का नजारा आज पूरी तरह बदला हुआ था। राष्ट्रीय लोकदल की महापंचायत में सैकड़ों की भीड़ उमड़ी। महापंचायत में पहुंचे रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा कहा इससे हर वर्ग परेशान है।
बुलंदशहर, जेएनएन। बुलंदशहर में राष्ट्रीय लोकदल की किसान बचाओ महापंचायत में पहुंचे रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने अपने संबोधन में भाजपा पर जमकर तंज कसे, उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जैसी झूठों की सरकार उन्होंने अपने जीवन काल में नहीं देखी, इन्होंने समाज के हर वर्ग से झूठ बोला, यही कारण है कि आज समाज का हर वर्ग जिसमें किसान, मजदूर, व्यापारी, दलित, युवा सब परेशान हैं।
उन्होंने जयंत चौधरी के साथ हुई घटना को सुनियोजित साजिश बताया और कहा कि जयंत पर हमला इसलिए किया गया ताकि जनता की आवाज को दबाया जा सके, उन्होंने सरकारी कंपनियों की बिक्री, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की आय दोगुनी करने, नोटबंदी, जीएसटी, लाकडाउन आदि को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसे। इस दौरान उन्होंने मीडिया पर भी एक तरफा रिपोर्टिंग करने जैसी बात कही, साथ ही भाजपा द्वारा हर जिले में बनाए गए पार्टी कार्यालय में बड़ा घपला होने की बात भी कही।
करीब 12 मिनट के संबोधन में चौधरी अजित सिंह का हमला भाजपा पर ही रहा। इससे पहले रालोद के अन्य नेताओं के साथ सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी अपनी बात कही और उन्होंने भी मुख्य रूप से भाजपा पर ही निशाना साधा, हालांकि महापंचायत किसान बचाओ के रूप में प्रचारित की गई थी, लेकिन मुख्य मुद्दा विधानसभा उपचुनाव रहा।