बुलंदशहर में मुठभेड़ के बाद 25 हजार का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल, कई केस हैं दर्ज
Encounter in Bulandshahr बुलंदशहर में पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ दौरान पुलिस की गोली लगने से यह बदमाश घायल हो गया। इस बदमाश पर कई मामले दर्ज हैं। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर रही है।
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। Encounter in Bulandshahr बुलंदशहर में नरसेना पुलिस की रघुनाथपुर रजवाहा पर शुक्रवार दोपहर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से 25 हजार का इनामी बदमाश शाहिद घायल हो गया । पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी ऊंचागांव में भर्ती कराया है। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा और एक बाइक बरामद की है।
इशारा करने पर भागने लगे थे बदमाश
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर नरसेना पुलिस रघुनाथपुर रजबहा पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर एक युवक आता हुआ दिखाई दिया रुकने का इशारा करने पर बाइक मोड़ कर भागने लगा। पीछा करने पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। अपने आपको चारों तरफ से घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
लूट और चोरी के कई केस दर्ज
पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम शाहिद पुत्र महबूब निवासी भोलिया थाना नरसेना बताया। एसएसपी ने बताया कि 18 मार्च को मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हो गया था। जिसमें लियाकत को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शाहिद की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बदमाश के पास से अवैध असलहा व बाइक बरामद की है। शाहिद के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में लूट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
पति समेत छह लोगों पर मुकदमा
बुलंदशहर नगर कोतवाली में एक विवाहिता ने अतिरिक्त दहेज के लिए ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न व देवर पर छेड़छाड़ तथा अन्य लोगों पर गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़ित ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नगर के एक मोहल्ला निवासी पीड़िता विवाहिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि कुछ माह पहले उसका निकाह गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के युवक से हुआ था।
पुलिस ने जांच भी शुरू की
निकाह में उसके परिजनों ने पर्याप्त दान-दहेज दिया था, किंतु ससुरालीजन उससे संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसको प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ आए दिन गाली-गलौच कर मारपीट की जाती थी। पीड़िता का आरोप है कि पति द्वारा कई बार उसके साथ गलत संबंध बनाए गए, वहीं देवर ने उसे ससुराल में अकेले देखकर छेड़छाड़ की। इसकी शिकायत करने पर ससुरालीजनों द्वारा उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। नगर कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।