Coronavirus: भाजपा नेता के करीबी के पिता में संक्रमण मिलने बाद अब क्वारंटाइन में भेजी जा सकती है पूरी भाजपा Meerut News
मेरठ में भाजपा नेता के करीबी के पिता में कोरोना वायरस मिलने के बाद अब पूरी पार्टी को क्वारंटाइन के लिए भेजा जा सकता है। अब यह चेन भाजपा और मेरठ के लिए भारी पड़ सकती है।
मेरठ, जेएनएन। महानगर अध्यक्ष के ड्राइवर के पिता में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद भाजपा में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने जहां संक्रमित व्यक्ति के परिवार को सुभारती में आइसोलेट करा दिया है, वहीं, विधायक, सांसद एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं को भी क्वारंटाइन में जाना पड़ सकता है। बता दें कि साबुन गोदाम के पास स्थित किशनपुरा निवासी मरीज में संक्रमण की पुष्टि निजी लैब ने कर दी है। इसके बाद आनन-फानन में भाजपा शहर भर में चलाई जा रही मोदी-योगी रसोई बंद करने की घोषणा कर दी गई। महानगर अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से घर पर रहते हुए या निजी स्तर पर प्रशासन की मदद करने को कहा है।
कोरोना को लेकर लॉकडाउन की घोषणा के बाद भाजपा ने मीटिंगों का दौर रोक दिया, किंतु गरीबों तक राशन पहुंचाने एवं अन्य कार्यो के लिए कार्यकर्ता शारीरिक दूरी बनाकर सक्रिय हो गए। कम्यूनिटी किचन से लेकर राशन वितरण समेत कई कार्यक्रमों में महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल एवं उनकी पूरी टीम अक्सर नजर आती थी। सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी, डा. सोमेंद्र तोमर एवं पूरी महानगर इकाई पहुंचती रही। अब महानगर अध्यक्ष के ड्राइवर के पिता में संक्रमण मिलने के बाद भाजपाई सकते में आ गए हैं।
महानगर महामंत्री पीयूष शास्त्री, अरविंद मारवाड़ी, संजय त्रिपाठी समेत सभी पदाधिकारी सक्रिय रहे। कई बार ये शारीरिक दूरी भूलकर पास भी आकर बात करते मिले। महानगर मुकेश सिंघल को विभाग ने उनके घर पर क्वारंटाइन कर दिया है। उधर, कमिश्नर और जिलाधिकारी समेत कई अधिकारी भी कम्युनिटी किचन में एक दूसरे से मिलते रहे हैं। सीएमओ डा. राजकुमार का कहना है कि संक्रमित व्यक्ति के मरीज की चेन में कई आ रहे हैं।