CoroanEffect: निजामुद्दीन गए 319 मेरठियों की कुंडली खंगाल रही पुलिस, कराया जा रहा है सत्यापन Meerut News
लॉकडाउन पर निजामुद्दीन मरकज से निकले लोगों का गलत असर दिखाई दे रहा है। प्रदेश सरकार ने निजामुद्दीन गए सभी लोगों का ब्योरा निकालकर जांच शुरू कर दी।
मेरठ, [सुशील कुमार]। CoroanEffect दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात से लौटे जमातियों ने पूरे देश को हिला दिया है। प्रदेश सरकार ने पूरी मशीनरी लगाकर प्रदेश से दिल्ली गए लोगों का ब्योरा निकाला है। जिलास्तर पर इन लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। मेरठ से भी एक माह के दौरान 319 लोग निजामद़दीन गए थे। इन सभी की जांच कर क्वारंटाइन करने की प्रक्रिया जारी है।
डाटा किया गया तलब
उत्तर प्रदेश में जमातियों के एक बड़े समूह के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद शासन स्तर पर हड़कंप मचा हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक से 22 मार्च तक निजामुद्दीन गए लोगों का डाटा तलब किया है। प्रदेश सरकार ने इस काम को अंजाम देने के लिए पुलिस की कई एजेंसियां लगा दी हैं। इन सभी की संख्या अलग-अलग है। पुलिस मुख्यालय की ओर से मेरठ पुलिस को 319 लोगों की सूची भेजी गई है। ये सभी लोग निजामुद्दीन गए थे। इन सभी का भौतिक सत्यापन करा लिया गया है।
क्यों गए थे निजामुद्दीन
अब यह पता लगाया जा रहा है कि ये लोग निजामुद्दीन किस लिए गए थे। क्या ये सभी जमात में शामिल होने के लिए गए थे। पुलिस की इस सूची में जमातियों के अलावा अन्य लोग भी हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ लोग अपने निजी कार्य से भी निजामुद्दीन गए थे। इनमें से कुछ लोग ट्रेन में सवार होकर निजामुद्दीन से होकर केवल गुजरने वाले ही हैं। रेंज के छह जिलों में निजामुद्दीन गए लोगों की संख्या करीब 700 बताई गई है।
ऑपरेशन क्वारंटाइन चलाएगी सरकार
निजामुद्दीन गए सभी लोगों को क्वारंटाइन किया जाएगा। उनकी कोरोना संक्रमण की जांच भी की जाएगी। पुलिस ने सभी 319 लोगों को चिह्नित कर लिया है। जोन स्तर पर यह संख्या एक हजार का आंकड़ा पार कर रही है। माना जा रहा है कि प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव केस निजामुद्दीन मरकज की जमात से ही निकले हैं। बाकी लोगों को इनसे बचाने के लिए निजामुद्दीन गए प्रत्येक व्यक्ति को क्वारंटाइन किया जा रहा है।
ऐसे निकाला गया आंकड़ा
डीजीपी हेड क्वार्टर, एटीएस समेत अन्य विंग तथा एडीजी कानून-व्यवस्था की टीम ने तीनों स्तर पर अलग-अलग लोगों की जानकारी जुटाई है। सभी की तरफ से शाम चार बजे प्रदेश के प्रत्येक जिले को लिस्ट जारी कर दी गई है। उसके बाद शाम सात बजे तक सभी का सत्यापन कराया गया है। रविवार से सभी को क्वारंटाइन करने का कार्य शुरू होगा।
इनका कहना है
लॉकडाउन पर निजामुद्दीन मरकज से निकले लोगों का गलत असर दिखाई दे रहा है। प्रदेश सरकार ने निजामुद्दीन गए सभी लोगों का ब्योरा निकालकर जांच शुरू कर दी। सभी का सत्यापन करा दिया गया है। सभी को क्वारंटाइन करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- प्रवीण कुमार, आइजी रेंज