महिलाओं के मामलों में पुलिस, बार व न्यायपालिका में सामंजस्य जरूरी: जिला जज
महिलाओं के मामलों में पुलिस बार व न्यायपालिका में सामंजस्य जरूरी जिला जज - पंडित नानकचंद सभ्
मेरठ, जेएनएन। मेरठ बार एसोसिएशन के तत्वावधान में शुक्रवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला जज नलिन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं से संबंधित वादों के शीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस, बार व न्यायपालिका में सामंजस्य जरूरी है।
पंडित नानकचंद सभागार में दोपहर तीन बजे से हुई विचार गोष्ठी का विषय महिला अपराध से संबंधित वादों का त्वरित निस्तारण रहा। मुख्य अतिथि जिला जज ने कहा कि यदि पुलिस अपनी विवेचना शीघ्र करे, अधिवक्ता भी निस्तारण में सहयोग करें और न्यायपालिका शीघ्र निर्णय दे तो पीड़िताओं को शीघ्र न्याय मिल सकता है। वहीं, मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मांगेराम ने महिला अधिकारों के बारे में जानकारी दी।
पूर्व महामंत्री संजय कुमार शर्मा ने कहा कि हमें बच्चों को संस्कारवान बनाना चाहिए। साथ ही उन्हें महिलाओं का आदर करने की सीख देनी चाहिए। इससे महिलाओं के विरुद्ध अपराध में निश्चित ही कमी आएगी। गोष्ठी में एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह, अपर निदेशक चंद्रशेखर त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक चंद्रप्रकाश मणि त्रिपाठी, अभियोजन अधिकारी मुकेश गोयल व संजय सुमन ने भी विचार रखे। इस दौरान महेंद्र पाल शर्मा, प्रबोध शर्मा, ब्रजभूषण गर्ग, अयाज अहमद, सर्वेश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।