वर्क आर्डर के बाद काम शुरू न करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैक लिस्ट
नगर निगम परिसर स्थित कार्यालय में शुक्रवार को महापौर सुनीता वर्मा ने विकास कायो
मेरठ,जेएनएन। नगर निगम परिसर स्थित कार्यालय में शुक्रवार को महापौर सुनीता वर्मा ने विकास कार्यो की समीक्षा की। निर्माण संबंधी कार्य में देरी पर नाराजगी जताई। नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि जिन ठेकेदारों ने समय से काम शुरू नहीं किए हैं, उन्हें ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।
महापौर ने निर्माण अनुभाग और जलकर अनुभाग के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा में पाया गया कि सड़क, इंटरलाकिग, नाली-नाला मरम्मत और नवीनीकरण के कार्य बड़ी संख्या में वर्क आर्डर होने के बावजूद शुरू नहीं हुए हैं। निर्माण कार्यो को लेकर अधिकारी शिथिलता बरत रहे हैं। मुख्य अभियंता यशवंत कुमार समेत सभी अधिशासी अभियंताओं सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं से कड़ी नाराजगी जताई। महापौर ने नगर आयुक्त मनीष बंसल को निर्देशित किया है कि वह रुके हुए कार्यों को जल्द से जल्द शुरू कराएं। जिन ठेकेदारों ने वर्क आर्डर के बाद सप्ताह भर के अंदर काम शुरू नहीं किए हैं, उनकी सूची बनाई जाए और उन्हें ब्लैक लिस्टेड करने की कार्रवाई की जाए। लगभग 25 काम ऐसे हैं जो शुरू नहीं किये गए हैं। इसके साथ ही महापौर ने 15 दिसंबर तक का समय निर्माण कार्यो के लिए दिया है। उन्होंने कहा कि इस अवधि के बाद निर्माण कार्य शुरू होने में देरी करने वालों पर पेनाल्टी भी लगाई जाएगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय, सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बस स्टैंड चौकी के पास रोज लग रहा जाम: पुलिस सरधना बस स्टैंड चौकी के पास रोज ही जाम के हालात रहते हैं। जिससे लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को भी पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया। इस दौरान कुछ वाहन चालकों में कहासुनी भी हुई।
शुक्रवार को बस स्टैंड चौकी के पास चौराहे पर जाम लग गया। इसके चलते लोग करीब आधा घंटा परेशान रहे। वहीं, कुछ चालकों ने अपने वाहनों को तंग गालियों से निकालकर मुख्य मार्ग से होते हुए गंतव्य तक पहुंचे। उधर, जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई और कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया। तब जाकर ट्रैफिक पूरी तरह से सुचारू हुआ। यहां रोज-रोज जाम की समस्या का स्थाई समाधान न होने से लोग परेशान हैं।