यूपी उपचुनाव : बुलंदशहर में गरजे सचिन पायलट, बाले- किसानों को बर्बाद कर देगा नया कृषि कानून
यूपी के बुलंदशहर में सदर सीट पर उपचुनाव का प्रचार-प्रसार इन दिनों जोरों पर है। अपनी पार्टी के समर्थन में स्टार प्रचारकों का बुलंदशहर पहुंचना जारी है। शुक्रवार को सचिन पायलट पहुंचे और भाजपा और बसपा पर निशाना साधा ।
बुलंदशहर, जेएनएन। यूपी के बुलंदशहर में सदर सीट पर उपचुनाव का प्रचार-प्रसार इन दिनों जोरों पर है। अपनी पार्टी के समर्थन में स्टार प्रचारकों का बुलंदशहर पहुंचना जारी है। शुक्रवार को जिले की सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुशील चौधरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने के लिए दोपहर राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट पहुंचे। गांव रजवाना में आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेता ने भाजपा और बसपा पर निशाना साधा। उन्होंने किसानों की समस्या के साथ कृषि कानून के साथ अन्य तमाम मुद्दों पर अपनी बात कही।
केवल मंदिर-मस्जिद की होती है बात
सचिन पायलट ने कहा कि कृषि कानून पूंजीपतियों के लिए फायदेमंद और किसानों को तबाह करने वाला है। कानून के कारण मंडी बंद होने से व्यापारी और मजदूरों का रोजगार समाप्त हो जाएगा। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार सिर्फ मंदिर-मस्जिद की बात करती हैं, लेकिन किसानों के लिए खाद, बीज, फसलों का उचित समर्थन मूल्य बढ़ाने की कोई बात नहीं करती।
किसानों की बात करने वाला कोई नहीं
भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने के नाम पर वोट ले लिया, लेकिन अब दिल्ली से लेकर लखनऊ तक किसानों की बात करने वाला कोई नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार में जो काम पर्दे के पीछे होता था, वहीं काम अब भाजपा सरकार में खुलेआम चल रहा है। राष्ट्रीय महासचिव रोहित चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक, प्रदेश महासचिव विदित चौधरी, जिला अध्यक्ष टुक्कीमल खटीक मौजूद रहे।