Panchayat Chunav : बिजनौर में सपा गठबंधन और भाजपा प्रत्याशी के बीच होगा मुकाबला
Bijnaur Panchayat Chunav जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी और भाजपा प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला होगा। सपा-रालोद गठबंधन ने चरणजीत कौर को मैदान में उतारा है। भाजपा ने फिर से साकेंद्र प्रताप पर दांव लगाया। जिला पंचायत सदस्यों को रिझाने में जुटे प्रत्याशी।
बिजनौर, जेएनएन। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी और भाजपा प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला होगा। सपा-रालोद गठबंधन ने चरणजीत कौर को मैदान में उतारा है। वहीं भारतीय जनता पार्टी हाईकमान ने निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह पर दांव लगाया है।
भाजपा ने सोमवार देर रात बाकायदा साकेंद्र प्रताप सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस घोषणा को लेकर राजनैतिक गलियारों में हलचल मच गई है। दो मई को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद साकेंद्र प्रताप सिंह और आयुष चौहान जिला पंचायत सदस्य जीतकर आए थे। वह दोनों ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश कर रहे थे। जिला नेतृत्व ने जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए साकेंद्र प्रताप सिंह और आयुष चौहान का नाम सूची में हाईकमान को भेजा था। दो दिन पहले क्षेत्रीय संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह ने भाजपा कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार कौन होगा, इस पर मंथन किया था।
कई घंटे तक चली बैठक में हुए मंथन के बाद वह वापस लौट गए, लेकिन राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे थे कि साकेंद्र प्रताप सिंह को उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है। सोमवार देर रात भाजपा हाईकमान ने साकेंद्र प्रताप सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि ने साकेंद्र प्रताप सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने की पुष्टि की है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह और सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी चरणजीत कौर के बीच सीधा मुकाबला होगा। अब दोनों दावेदारों और उनके समर्थकों ने जिला पंचायत सदस्यों को रिझाने में जुट गए हैं।