CM Yogi Rally in Bulandshahr: सीएम योगी बोले- चौधरी चरण सिंह के सपने को साकार कर रही भाजपा, विपक्ष कर रही राजनीति
CM Yogi Rally in Bulandshahr सीएम योगी आदित्यनाथ बुलंदशहर पहुंच गए हैं। इनका हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में उतर गया है। मौके पर भारी सुरक्षाबल भी मौजूद है। मंच की तैयारियांं भी पूरी हो गई हैं। उधर सुरक्षा के मद्देनजर इंटेलिजेंस टीम भी मौजूद है।
बुलंदशहर, जेएनएन। आधे घंटे के इंतजार के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से बुलंदशहर पहुंचे। हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरा। इसके चारों ओर कमांडों की सुरक्षा रही। वहीं पुलिस ने बैरियर लगाकर घेराबंदी की हुई थी। चारों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हुए थे। मौके पर भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था चौकस बनी हुई थी। मंच पर स्वतंत्र देव सिंह, उषा सिरोही, बुलंदशहर भाजपा जिला अध्यक्ष और अन्य सीएम योगी के साथ मौजूद रहे।
योगी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह के सपने को भाजपा सरकार पूरा कर रही है। किसानों की दोगुनी आया बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चौ. चरण सिंह ने किसानों के लिए बहुत काम किया, लेकिन उनके नाम पर अब राजनीति हो रही है। उनके नाम पर राजनीति करने वाले लोगों ने रमाला चीनी का क्या हाल किया यह सब आप जानते। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास के लिए चौधरी साहब ने जो सपना देखा था उसको भाजपा पूरा कर रही है।
यहां जातिवाद नहीं भाजपा विकास का नारा
योगी ने कहा कि विकास के कार्य किसी और दल ने नहीं बल्कि भाजपा ने ही किए हैं। यहां की जनता बहुत सीधी और सज्जन है। जो लोग जातिवाद की राजनीति करते हैं उसे बताइए कि आप की यहां जातिवाद नहीं चलने वाला। यहां जातिवाद नहीं भाजपा का विकास और राष्ट्रवाद का नारा चलेगा। यह वही उत्तर प्रदेश है जहां पर कावड़ यात्रा को नहीं निकलने दिया जाता था। लेकिन हमने कहा था कि सत्ता में आएंगे तो सब ठीक कर देंगे और हमने करके दिखाया।
विकास के लिए मुझसे मिलने आते थे विरेंद्र सिंह सिरोही: योगी
जब मंच पर सीएम योगी के पहुंचते ही भारत माता के जयकारे लगने शूरू हो गए। जनता को संबोधित करते हुए कहा कि विरेंद्र सिरोही के अधूरे रह गए कार्यों को पूरा करने के लिए भाजपा ने उषा सिरोही को उतारा है। उन्होंने कहा कि मैं सिरोही जी के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बुलंदशहर के विकास के लिए विरेंद्र सिंह सिरोही के अनेक सपने थे। विकास के कार्य के लिए वीरेंद्र सिरोही हमेशा विधायकों का प्रतिनिधित्व करते हुए मेरे पास लखनऊ आते थे और विकास की योजनाएं स्वीकृत होती थी।
भाजपा शासन में बहन बेटियां सुरक्षित
विधानसभा 2017 के चुनाव प्रचार का शुभारंभ मैंने बुलंदशहर से ही किया था। मैंने चुनावी रैली में 2017 में आपसे कहा था कि आप भाजपा को जीता कर सत्ता में लाइए। मां बेटी के साथ कोई गुंडा ही नहीं होगी यहां कैराना का हाल नहीं होगा। आज आपने देखा होगा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहन बेटी सुरक्षित महसूस करती हैं और किसान भी खुश हाल है।
माफियाओं की अब खैर नहीं
आप देख रहे हैं कि माफिया गुंडों की संपत्ति पर बुलडोजर चल रहा है। गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वाले पहले बेखौफ घूमते थे लेकिन आज घबराए हुए हैं सलाखों के पीछे पहुंच रहे हैं। आपने जो मुझे चुनाव में ताकत दी थी उसी के बल पर आज बदलाव आया है और उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन रहा है विकास से खुशहाल हो रहा है। इसलिए मैं बुलंदशहर की जनता का आभार प्रकट करने के लिए एक बार फिर आपके बीच आया हूं।
स्वतंत्र देव ने भाजपा के गिनाए कार्य
मंच पर आसीन होते ही प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सभा को संबोधित करते हुए क हाकि मुख्यमंत्री बाल्मीकि और शोषित समाज के लिए रात दिन काम कर रहे हैं। प्रदेश की पूर्व सरकारों ने प्रदेश को गुंडों का राज में बदल दिया। सड़कों पर खुलेआम गुंडे घूमते थे। गुंडाराज को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने समाप्त किया है। माफियाओं और गुंडों की अवैध संपत्ति पर योगी सरकार बुलडोजर चला रही है। गरीब शोषित बाल्मीकि पिछड़े आदि लोगों को महामारी काल में योगी सरकार ने राशन की किट देने का काम किया। विपक्ष की बातों का करारा जवाब देते हुए कहा कि सपा और बसपा षड्यंत्र के तहत सरकार पर आरोप लगाकर बदनाम करने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी देश के लिए जीते हैं और रात दिन देश के लिए काम करते हैं। उषा सिरोही को जीता कर मोदी और योगी का सम्मान रखें।