गुदड़ी बाजार में होगी नालियों की सफाई, उठेगा कूड़ा
दैनिक जागरण के स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड 69 के गुदड़ी बाजार में चला।
मेरठ, जेएनएन। दैनिक जागरण के स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड 69 के गुदड़ी बाजार मोहल्ले में सफाई कराई गई। महापौर समेत नगर निगम के अधिकारी पहुंचे। जनता की समस्याओं से रूबरू हुए। वादा किया कि गुदड़ी बाजार में नियमित नालियों की सफाई होगी और कूड़ा भी उठाया जाएगा।
सफाईकर्मियों ने नाली से निकाली सिल्ट
सफाई अभियान का शुभारंभ गुदड़ी बाजार चौक से हुआ। महापौर सुनीता वर्मा और सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह ने गुदड़ी बाजार और बजाजा बाजार की स्थिति देखी। इस दौरान सफाई निरीक्षक कुलदीप के नेतृत्व में सफाई कर्मियों ने नालियों से सिल्ट निकाली। हाथ ठेले से कचरा उठाया। निकाली गई सिल्ट को फौरन उठाया गया। क्षेत्रीय पार्षद पंकज गोयल, स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने महापौर और सहायक नगर आयुक्त से कहा कि सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। कर्मचारी कभी नहीं आते हैं। इस दौरान पार्षद ने अतिक्रमण की समस्या से भी अवगत कराया।
कोरोना वायरस के प्रति किया जागरूक
महापौर और सहायक नगर आयुक्त ने लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। गुदड़ी बाजार में क्लोरीनयुक्त पानी का छिड़काव कराया गया। साथ ही लोगों को खुद भी गंदगी न फैलाने की सलाह दी गई।
व्यापारियों ने उठाईं ये मांगें
-सफाई के लिए नियमित सफाई कर्मी बाजार में तैनात किए जाएं।
-पेयजल आपूर्ति सुचारू और शुद्ध पानी की आपूर्ति की जाए।
-कचरा उठाने के लिए डोर टू डोर वाहन नियमित आना चाहिए।
निगम अधिकारियों ने किया वादा
-नियमित सफाई कर्मचारी बाजार में तैनात होंगे।
-पेयजल आपूर्ति शुद्ध और सुचारू की जाएगी।
-कचरा सुबह सात से 10 बजे तक उठ जाएगा। लोगों ने कहा कि..
-गुदड़ी बाजार शहर का पुराना बाजार है। यहां की सफाई के लिए नियमित कर्मचारी लगाए जाने चाहिएं।
राकेश कुमार, महामंत्री मिलन व्यापार एसोसिएशन। -बहुत गंदगी है। कभी सफाई कर्मी नहीं आते हैं। नालियां जाम पड़ी हैं। बीमार होने का निगम ने पूरा इंतजाम किया है।
प्रदीप अग्रवाल, व्यापारी गुदड़ी बाजार। -सफाई न होने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। कचरा नहीं उठता है। नालियों में कीड़े रेंग रहे हैं। खुद बीमार पड़ गया हूं।
सईद, स्थानीय निवासी गुदड़ी बाजार। -नगर निगम के कर्मचारी नहीं आते हैं। शिकायत करें तो किससे? कोई सुनता भी नहीं है। इतनी गंदगी है कि रहना मुश्किल हो गया है।
किश्वर, स्थानीय निवासी, गुदड़ी बाजार। -गुदड़ी बाजार में सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत मिली है। नगर निगम अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिया है कि वे नियमित सफाई सुनिश्चित करें और निगरानी भी हो। जो कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं उन पर कार्रवाई की जाए।
सुनीता वर्मा, महापौर।
-सफाई को लेकर लोगों की नाराजगी जायज है। मौके पर ही सफाई नायक को चेतावनी दी है। सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक बाजार में नालिया साफ होंगी और कचरा उठाया जाएगा। निर्देश का पालन न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
ब्रजपाल सिंह, सहायक नगर आयुक्त।