सौरव दास को Meerut-Delhi Expressway पर रोका, CJP प्रवक्ता के कार्यक्रम के मद्देनजर CCSU कैंपस छावनी में तब्दील
काॅकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास का चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस सतर्क रही। उन्हें मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के काशी टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोक दिया।

सौरव दास का फाइल फाेटा और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद पुलिस।
HighLights
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास को पुलिस ने रोका।
छात्रों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। काॅकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास को पुलिस ने मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के काशी टोल प्लाजा पर रोक लिया। सौरव दास अपने साथियों के साथ संविधान दिवस के अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें टोल प्लाजा से ही वापस लौटा दिया।
इससे पहले उनके प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया था। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद छात्रों को पुलिस ने समझा-बुझाकर वापस भेज दिया। इस दौरान कई छात्रों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया, जिससे उनकी पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई।
सीजेपी नार्थ जोन कोआर्डिनेशन कमेटी के आमंत्रण पर गुरुवार को संविधान दिवस पर विश्वविद्यालय परिसर में दोपहर तीन बजे सौरव दास पहुंचने वाले थे। इधर शुक्रवार 27 नवंबर को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को लेकर पहले ही विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस ने छात्र नेताओं और बाहरी लोगों को परिसर से बाहर करने की पहल शुरू कर दी थी।
इसी बीच विश्वविद्यालय परिसर में सौरभ दास के पहुंचने की सूचना ने पुलिस महकमे के कान खड़े कर दिए। दो सीओ के साथ पहुंची मेडिकल थाने की टीम के साथ ही एसपी सिटी विनायक भोसले और एडीएम सिटी आदित्य प्रजापति भी विश्वविद्यालय परिसर पहुंच गए।
सीजेपी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय पुस्तकालय के पास विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ ही कुछ बाहरी युवा भी एकत्र हुए थे। एसपी सिटी ने वहां रुकने के कारण पूछा और वहां से जाने को कहा। इसी बीच दोनों पक्षों में धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस कुछ युवाओं को पुलिस वाहनों में बिठाकर साथ ले गई और अन्य को परिसर से बाहर खदेड़ दिया।
छात्रों के साथ पहुंची एक महिला को भी वहां से हटने को कहा गया लेकिन वह पहले तैयार नहीं हुईं। बाद में एसपी सिटी से हुई बातचीत के बाद वह भी परिसर से निकल गईं।
ज्ञातव्य है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने शनिवार 28 नवंबर को विश्वविद्यालय में बाहरी लोगों के प्रवेश प्रतिबंधित कर रखे हैं। राज्यपाल शुक्रवार को परिसर पहुंचेंगी और शनिवार को दिन भर पश्चिमांचल स्टार्टअप युवा संवाद-2026 में हिस्सा लेने के बाद संभवत: शनिवार देर रात या रविवार सुबह रवाना होंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।