छावनी की नई टोल व्यवस्था में शहर में अव्यवस्था
आठ दिसंबर से छावनी परिषद की नई टोल व्यवस्था से शहर की व्यवस्था धड़ाम हो गई है। पहले दिन बीच सड़क में गाड़ियों को रोक कर टोल टैक्स वसूली से जाम लगा रहा।
मेरठ, जेएनएन। आठ दिसंबर से छावनी परिषद की नई टोल व्यवस्था से शहर की व्यवस्था धड़ाम हो गई है। पहले दिन बीच सड़क में गाड़ियों को रोक कर टोल टैक्स वसूली से जाम लगा रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग और पीडब्ल्यूडी की सड़क पर छावनी प्रवेश शुल्क के नाम पर टोल वसूली आम लोगों के समझ से परे है। इससे व्यापारी से लेकर आम लोग परेशान हैं। जनप्रतिनिधि भी इसका पुरजोर विरोध कर रहे हैं।
नई व्यवस्था में जो सड़क छावनी की नहीं है, वहां से भी टैक्स की वसूली हो रही है। इसके चलते पहले ही दिन दिल्ली रोड, मवाना रोड, रुड़की रोड पर जाम लगा रहा। व्यावसायिक वाहन चालकों के साथ आम लोग भी जाम से परेशान हुए। दिल्ली रोड पर जाम से सबसे अधिक लोगों को परेशानी हुई। बहुत से वाहन चालकों ने नई जगह से प्रवेश शुल्क को लेकर विरोध भी जताया। राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रवेश शुल्क लगाने पर व्यापारियों के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी आपत्ति दर्ज कराई है।
छह बजाय 11 जगह से वसूली
कैंट बोर्ड सरधना रोड, रेलवे रोड, मेहताब, बाउंड्री रोड, रोहटा रोड और आरए बाजार कुल छह जगह से पहले से प्रवेश शुल्क वसूल रहा है। यहां पर पहले की तरह सामान्य स्थिति रही। पांच नई जगह दिल्ली रोड, रुड़की रोड, मवाना रोड, ग्रास मंडी फार्म रोड, कंकरखेड़ा रेलवे शराब फैक्ट्री रोड से आठ दिसंबर से प्रवेश शुल्क वसूली शुरू की गई है।
दिल्ली रोड पर सबसे अधिक जाम
दिल्ली रोड पर फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के सामने टैक्स वसूली के लिए बैरियर लगा दिया गया है। सड़क पर तेज गति से आ रहे वाहनों के आगे बैरियर लगाकर ठेकेदार के आदमी खड़े हो गए। इससे कई बस आपस में भिड़ने से भी बाल-बाल बचीं। बीच सड़क में वाहनों के रुकने से जाम लगा रहा। दिल्ली रोड पर पहली बार प्रवेश शुल्क वसूली को लेकर व्यावसायिक वाहनों के चालकों से टोल कर्मियों की कहासुनी भी हुई।
मवाना रोड पर बाइक चालक भिड़े
कैंट बोर्ड ने मवाना रोड डेयरी फार्म के बाद भी प्रवेश शुल्क का बैरियर लगा दिया है। बीच सड़क में ठेकेदार होर्डिग लगाकर खड़े थे। सड़क पर अचानक वाहनों के टकराने से कई बाइक चालक गिर पड़े। दोपहर और देर शाम वाहनों के जाम से आम लोग भी काफी परेशान हुए। पहली बार मवाना रोड से प्रवेश शुल्क वसूलने को लेकर भी वाहन चालकों ने विरोध जताया।
रुड़की रोड पर विरोध
रुड़की रोड पुरानी चुंगी के पास कैंट बोर्ड के ठेकेदार प्रवेश शुल्क वसूलने के लिए खड़े रहे। इससे रुड़की रोड पर भी जाम की स्थिति बनी रही। कंकरखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग शराब फैक्ट्री के पास बैरियर लगने से दोपहर में कई बार जाम लगा। कई वाहन चालक पहली बार शुल्क वसूलने का विरोध किया। इन्होंने कहा:::
छावनी परिषद ने केंद्र और राज्य सरकार के नियंत्रण वाली सड़कों पर शुल्क लगाया है। यह उचित नहीं है। इस मुद्दे को संसद में रखूंगा। कई छावनियों में यह समस्या है। इसे दूर किया जाएगा।
राजेंद्र अग्रवाल, सांसद छावनी परिषद को पत्र लिखा था। दिल्ली रोड, मवाना रोड, रुड़की रोड से शुल्क नहीं लेने के लिए कहा था। बावजूद प्रवेश शुल्क वसूले जा रहे हैं। इससे आम लोगों को भी परेशानी हो रही है। सोमवार को इसकी रणनीति बनाने के लिए बैठक बुलाई गई है।
सत्यप्रकाश अग्रवाल, कैंट विधायक मैं अभी बाहर हूं। अभी प्रवेश शुल्क को लेकर किसी विरोध की जानकारी नहीं है। सोमवार को जानकारी लूंगा। फिर बता पाऊंगा।
विपिन सोढ़ी, उपाध्यक्ष, कैंट बोर्ड छावनी अधिनियम के तहत 11 जगह से व्यावसायिक वाहनों से प्रवेश शुल्क लगाया गया है। सभी जगहों पर जाम न लगे, इसके लिए ठेकेदार को पर्याप्त लोगों को लगाने के लिए कहा है। पहले दिन स्थिति सामान्य रही।
प्रसाद चव्हाण, सीईओ, कैंट बोर्ड