विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिलना दो ध्रुवों का! पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पारंपरिक सियासी समीकरण में नया रसायन घोलेंगे चंद्रशेखर और ओवैसी

By Pradeep Diwedi Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 13 Nov 2026 03:22 PM (IST)

चंद्रशेखर और असदुद्दीन ओवैसी का नया मोर्चा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पारंपरिक सियासी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। यह ...और पढ़ें

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर। सौ. इंटरनेट मीडिया

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर। सौ. इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. चंद्रशेखर और असदुद्दीन ओवैसी ने पश्चिमी यूपी में नया मोर्चा बनाया।

  2. आजाद समाज मोर्चा सपा के पीडीए वोट बैंक को चुनौती देगा।

  3. मुस्लिम-दलित वोटों के बंटवारे से भाजपा को लाभ मिल सकता है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पहले से ही दो ध्रुवों (एनडीए और आइएनडीआइ) के बीच बंटे पश्चिमी उप्र में आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) और आजाद समाज पार्टी का नया मोर्चा पारंपरिक सियासी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। पिछले दो चुनावों में यहां सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी सपा को अब सबसे बड़ी चुनौती मिल सकती है, क्योंकि इस क्षेत्र में तेजी से उभरते आसपा के अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर को एआइएमआइएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का साथ मिल गया है।

सपा की रणनीति में पिछड़े, दलित व मुस्लिम वोटरों को पीडीए फार्मूले के तहत एक साथ लाने की कोशिश है, लेकिन अब नया मोर्चा भी लगभग पीडीए की ही तरह है। अब अगर मुस्लिम वोट का एक हिस्सा एआइएमआइएम की ओर तथा दलित वोट का हिस्सा आसपा की ओर जाता है तो का चुनावी गणित बदल सकता है। इस क्षेत्र की 71 विधानसभा सीटों पर मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संख्या निर्णायक रूप से प्रभावित करती है। ओवैसी मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक अपील रखते हैं, जबकि चंद्रशेखर पश्चिमी उप्र में दलित राजनीति का नया चेहरा बनकर उभरे हैं।

2024 में नगीना लोकसभा सीट से उनकी जीत ने इस दावे को चुनावी आधार भी दिया। नगीना में उन्हें 51.2 प्रतिशत वोट मिले और उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को 1.51 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। नगीना लोस सीट की पांच विस सीटों नजीबाबाद, नगीना, बढ़ापुर, धामपुर, नहटौर में 2022 के विस चुनाव की तस्वीर अलग थी। सपा ने दो और भाजपा ने तीन सीटें जीतीं, जिनमें धामपुर और नहटौर में जीत का अंतर सिर्फ 203 व 258 था। बसपा को इन पांचों विस में 2.09 लाख वोट (18.9%) मिले जबकि आसपा को 3,652 और एआइएमआइएम को 10,534 वोट मिले थे।

पउप्र चंद्रशेखर की कर्मभूमि है, इसलिए यहां उनके लिए चुनौती कड़ी है। 2022 में दोनों दलों की अपनी ताकत मामूली थी। एआइएमआइएम को पूरे प्रदेश में 1.49 लाख वोट मिले जिनमें से पश्चिमी उप्र के संभल में सबसे ज्यादा 21,470 (8.77%) वोट मिले थे। आसपा को कुल 37,682 वोट मिले, सबसे ज्यादा रामपुर मनिहारन में 4,606 वोट मिले थे। मोर्चे की असली पूंजी दूसरी है। पहला यह कि बसपा के 32.7 लाख वोट (14.1 प्रतिशत) जो एक भी सीट नहीं जिता सके। दूसरा सपा के साथ खड़ा मुस्लिम वोट।

सपा-रालोद के 31 में से 18 विधायक मुस्लिम थे। बसपा 10 सीटों पर दूसरे नंबर पर रही, इनमें नौ सीटें अलीगढ़, बुलंदशहर, हाथरस की जाटव बहुल क्षेत्र में हैं। इन सीटों पर भी आसपा के लिए उम्मीद कायम है। नकुड़, सहारनपुर नगर, देवबंद, धामपुर, नहटौर, बिजनौर, मुरादाबाद नगर, बिलासपुर, मिलक, धनौरा, हस्तिनापुर और मेरठ दक्षिण सीट भले ही भाजपा जीती थी, लेकिन यहां पर सपा-रालोद गठबंधन पांच प्रतिशत से भी कम अंतर से पीछे था। यहां पर अब यदि सपा-कांग्रेस मजबूत होने का प्रयास करेगी तो नया मोर्चा भी आगे निकलने के लिए लड़ेगा, इस स्थिति में भाजपा की राह फिर से आसान हो सकती है।


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।