विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CCSU के स्टार्टअप 'महाकुंभ' में युवाओं के आइडिया को मिलेगी नई पहचान, पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद में हिस्सा लेंगे 11 विश्वविद्यालय

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 24 Nov 2026 04:46 PM (IST)

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय 28 नवंबर को 'पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026' आयोजित कर रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को उद्यमी बनाना और प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस संवाद में मेरठ मंडल के इंजीनियरिंग कॉलेज अपने स्टार्टअप प्रदर्शित करेंगे।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. सीसीएसयू 28 नवंबर को 'पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026' आयोजित करेगा।

  2. युवाओं को उद्यमी बनाने और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देना मुख्य लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, मेरठ। युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनाने और प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) की ओर से 28 नवंबर को ‘पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026’ आयोजित किया जा रहा है। इस संवाद में मेरठ मंडल के जिलों में संचालित इंजीनियरिंग कालेज अपना स्टार्टअप प्रदर्शित करेंगे। विश्वविद्यालय की ओर से कालेजों को आमंत्रित किया गया है और उन्हें अपने स्टार्टअप प्रदर्शित करने के लिए स्टाल मुहैया कराए जाएंगे।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित होने जा रहे इस संवाद के लिए सीसीएसयू की ओर से ग्रेटर नोएडा के जीएनआइओटी इंस्टीट्यूट आफ प्रोफेशनल स्टडीज, गाजियाबाद के इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट स्टडीज, इंस्टीअ्यूट आप्ऊ टेक्नोलाजी एंड साइंस, ग्रेटर नोएडा के लायड ला कालेज, लायड इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलाजी आदि को अपने स्टार्टअप प्रस्तुत करने के लिए पांच-पांच छात्रों की टीम को भेजने को कहा है। इसके अलावा भी तमाम कालेजों की टीमों स्टार्टअप प्रदर्शनी और संवाद में हिस्सा लेंगी।

राज्य विश्वविद्यालयों में स्वरोजगार, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की यह पहल राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की है और वह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। आयोजन में प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिमंडल, कुलपति, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, युवा उद्यमी और निवेशक शामिल होंगे।

डा. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) भी इसमें भाग लेगा। तीन सत्रों में विश्वविद्यालयों के बीच नवाचार, उद्यमिता, स्वरोजगार और स्टार्टअप की संभावनाओं पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में 60 से अधिक स्टाल लगाए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों, युवा नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप उद्यमियों के नए विचार, तकनीक, उत्पाद और नवोन्मेषी परियोजनाएं प्रदर्शित होंगी। प्रतिभागियों को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने, उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और निवेशकों के सामने स्टार्टअप की संभावनाएं रखने का अवसर मिलेगा।

संवाद का उद्देश्य विश्वविद्यालयों के नवाचारों को उद्योग और निवेश से जोड़ना और युवाओं को व्यवसाय स्थापना, नवाचार के व्यावसायिक उपयोग, वित्तीय सहयोग और निवेश के अवसरों की जानकारी देना है। आयोजन से शिक्षा के साथ कौशल विकास और उद्यमशीलता की संस्कृति मजबूत करने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।