CCSU: प्रैक्टिकल परीक्षाओं में पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग, नए नियम से स्ववित्तपोषित कालेजों के शिक्षक नाराज
स्ववित्तपोषित विधि महाविद्यालयों के शिक्षकों ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की नई व्यवस्था पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर पुरानी आंतरिक परीक्षक व्यवस्था बहाल करने या योग्य शिक्षकों को बाहरी परीक्षक के रूप में अवसर देने की मांग की है।

HighLights
पहले की तरह आंतरिक परीक्षकों से परीक्षा कराने की मांग।
विधि महाविद्यालयों के शिक्षकों ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन।
जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की व्यवस्था में बदलाव को लेकर स्ववित्तपोषित विधि महाविद्यालयों के शिक्षकों ने आपत्ति जताई है।
शिक्षकों ने विश्वविद्यालय की पुरानी व्यवस्था को जारी रखने की मांग करते हुए कुलपति को ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि पहले की तरह विधि विषय की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में महाविद्यालयों के आंतरिक परीक्षकों को भी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। केवल बाहरी परीक्षकों की नियुक्ति की नई व्यवस्था से स्ववित्तपोषित कालेजों के अनुभवी शिक्षकों को शैक्षणिक अवसरों से वंचित होना पड़ेगा।
ज्ञापन में शिक्षकों ने बताया कि विश्वविद्यालय की 19 अगस्त 2026 को हुई कार्यकारी परिषद की बैठक में प्रयोगात्मक परीक्षाओं के संचालन के लिए केवल एक बाहरी परीक्षक नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, बीएड पाठ्यक्रम के संबंध में यह व्यवस्था लागू नहीं की गई है। शिक्षकों का सवाल है कि जब बीएड की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में पहले की व्यवस्था जारी है तो विधि विषय में अलग व्यवस्था क्यों अपनाई जा रही है।
शिक्षकों के अनुसार विधि शिक्षा भी एक व्यावसायिक पाठ्यक्रम है, जिसमें व्यावहारिक प्रशिक्षण और प्रयोगात्मक परीक्षाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्ववित्तपोषित विधि महाविद्यालयों में योग्य और अनुभवी शिक्षक लंबे समय से विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में भी योगदान दे रहे हैं। पिछले सेमेस्टर तक इन शिक्षकों को दूसरे महाविद्यालयों में आंतरिक परीक्षक के रूप में नियुक्त कर प्रयोगात्मक परीक्षाओं की जिम्मेदारी दी जाती रही है।
शिक्षकों का कहना है कि पुरानी व्यवस्था में बदलाव से उनके अनुभव और योग्यता का समुचित उपयोग नहीं हो पाएगा। साथ ही उन्हें दूसरे महाविद्यालयों में परीक्षक के रूप में काम करने का अवसर भी नहीं मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे विश्वविद्यालय के निर्णय का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि चाहते हैं कि परीक्षा व्यवस्था में समानता और सभी योग्य शिक्षकों को अवसर देने का ध्यान रखा जाए।
ज्ञापन में कुलपति से अनुरोध किया गया है कि विधि विषय की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में पहले की तरह आंतरिक परीक्षकों की व्यवस्था जारी रखी जाए। यदि बाहरी परीक्षक नियुक्त करने का निर्णय लागू किया जाता है तो स्ववित्तपोषित विधि महाविद्यालयों के योग्य और अनुभवी शिक्षकों को भी दूसरे महाविद्यालयों में बाहरी परीक्षक के रूप में नियुक्त करने का अवसर दिया जाए।
शिक्षकों ने उम्मीद जताई है कि विश्वविद्यालय उनके अनुरोध पर सकारात्मक और न्यायसंगत निर्णय लेकर पुरानी व्यवस्था को बनाए रखेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।