CCSU: लाॅ की छूटी परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी, तीन दिन चलेगा विशेष परीक्षा कार्यक्रम; प्रवेश पत्र और ID लाना अनिवार्य
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने विधि पाठ्यक्रमों की छूटी हुई प्रयोगात्मक और मौखिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। ...और पढ़ें

HighLights
सीसीएसयू ने विधि पाठ्यक्रमों की छूटी परीक्षाएं घोषित कीं।
प्रयोगात्मक और मौखिक परीक्षाएं 26 से 28 नवंबर तक होंगी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने विधि पाठ्यक्रमों की छूटी हुई (लेफ्ट आउट) प्रयोगात्मक और मौखिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। लंबे समय से अभ्यर्थियों की ओर से इसकी मांग की जा रही थी। विश्वविद्यालय परिसर स्थित विधि विभाग में इन परीक्षाओं का आयोजन 26, 27 और 28 नवंबर को सुबह 10 बजे से किया जाएगा।
परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद संबंधित पाठ्यक्रमों के उन विद्यार्थियों को राहत मिली है, जो किसी कारणवश निर्धारित परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के अनुसार 26 नवंबर को एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के तृतीय सेमेस्टर की प्रोफेशनल एथिक्स, अकाउंटेबिलिटी आफ लायर्स एंड बार-बेंच रिलेशनशिप और चतुर्थ सेमेस्टर की आर्बिट्रेशन, कान्सिलिएशन एंड अल्टरनेटिव डिस्प्यूट रिजोल्यूशन की परीक्षा होगी।
27 नवंबर को एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के पांचवें सेमेस्टर में ड्राफ्टिंग आफ प्लीडिंग एंड कन्वेयंसिंग और छठे सेमेस्टर में मूट कोर्ट, प्री-ट्रायल प्रिपरेशन एंड पार्टिसिपेशन इन ट्रायल प्रोसीडिंग्स की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसी दिन एलएलएम चतुर्थ सेमेस्टर की वाइवा-वाइस परीक्षा भी होगी।
28 नवंबर को बीए एलएलबी के सातवें से दसवें सेमेस्टर तक, पुराने पाठ्यक्रम के नौवें और 10वें सेमेस्टर और बीकाम एलएलबी के सातवें से दसवें सेमेस्टर की छूटी हुई परीक्षाएं होंगी। इनमें प्रोफेशनल एथिक्स, आर्बिट्रेशन, ड्राफ्टिंग आफ प्लीडिंग, मूट कोर्ट और पब्लिक इंटरेस्ट लायरिंग एवं लीगल एड जैसे विषय शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित महाविद्यालयों और संस्थानों के प्राचार्यों एवं निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने यहां के पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध कराएं। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर अपना प्रवेश पत्र और पहचान पत्र साथ लेकर पहुंचना होगा। पहचान के लिए वोटर आइडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि संबंधित विद्यार्थी निर्धारित तिथि और समय पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर के विधि विभाग में पहुंचकर परीक्षा में शामिल हों।