CCSU के गर्ल्स हाॅस्टल के पास कर्मचारियों की 'शराब पार्टी' का VIDEO वायरल, कैंपस में लगे हैं ‘No Smoking’ के बोर्ड
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल के पास कर्मचारियों की कथित शराब पार्टी का वीडियो वायरल हुआ है, जिससे ...और पढ़ें

HighLights
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कई कर्मचारियों और ठेकेदारों पर लगे गंभीर आरोप।
मुख्य प्राक्टर के चालक के भी वीडियो में दिखने का दावा, कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा, अनुशासन और कैंपस के माहौल को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विश्वविद्यालय में जगह-जगह ‘नो स्मोकिंग’ के बोर्ड लगे हैं, लेकिन दूसरी ओर गर्ल्स हास्टल के नजदीक बिजली घर के पास शराब और नानवेज की महफिल सजने का मामला सामने आया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ लोग शराब पीते और नानवेज खाते नजर आ रहे हैं। वीडियो बनाने वाले छात्र उनसे लगातार शराब पीने को लेकर सवाल करते हुए कैमरे के सामने आने के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
छात्रों का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोग विश्वविद्यालय में कार्यरत कर्मचारी और विभिन्न कार्यों के लिए तैनात ठेकेदारों से जुड़े हैं। वीडियो में मुख्य प्राक्टर के चालक के भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। यदि यह पुष्टि होती है कि विश्वविद्यालय परिसर में तैनात कर्मचारी ही इस गतिविधि में शामिल थे, तो यह विश्वविद्यालय की अनुशासन व्यवस्था पर बड़ा सवाल होगा।
वीडियो में एक व्यक्ति वहां मौजूद लोगों से पूछता सुनाई दे रहा है कि क्या वे विश्वविद्यालय परिसर में शराब पी रहे हैं? इस पर एक व्यक्ति की ओर से शराब लेने की बात स्वीकार करने जैसी आवाज सुनाई देती है। इसके बाद वीडियो बनाने वाला व्यक्ति सभी को सामने आने और कैमरे में अपनी पहचान दिखाने के लिए कहता है। वह सवाल उठाता है कि विश्वविद्यालय परिसर में शराब और नानवेज की दावत कैसे चल सकती है? वीडियो में कुछ लोग वहां से निकलने और अपनी स्कूटी हटाने की कोशिश करते भी दिखाई देते हैं।
राज्यपाल की टिप्पणी के बाद उठे सवाल
इस प्रकरण ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि प्रदेश की राज्यपाल और विश्वविद्यालय की कुलाधिपति छात्राओं के बीच नशे की प्रवृत्ति को लेकर चिंता जता चुकी हैं। गर्ल्स हास्टल और उसके आसपास नशीली वस्तुएं मिलने और छात्राओं के नशे की गिरफ्त में होने संबंधी टिप्पणियों के बाद अब विश्वविद्यालय परिसर में कर्मचारियों और ठेकेदारों से जुड़े लोगों का कथित रूप से शराब पीते हुए वीडियो सामने आया है। ऐसे में छात्र सवाल उठा रहे हैं कि छात्राओं के आचरण पर चिंता जताने के साथ विश्वविद्यालय प्रशासन अपने कर्मचारियों और परिसर में काम करने वाले ठेकेदारों की गतिविधियों पर कब सख्ती करेगा?
कुलपति और मुख्य प्राक्टर से कार्रवाई की उम्मीद
विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह की गतिविधियां यदि प्रमाणित होती हैं तो यह केवल अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं के लिए बनाए गए शैक्षणिक वातावरण और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल है। छात्र नेता अक्षय बैंसला सहित अन्य छात्रों का कहना है की शराब की बोतले गर्ल्स हास्टल के आसपास कर्मचारी फेंकते हैं जबकि बदनाम छात्राएं होती हैं। छात्रों ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया है।
वीडियो दो से तीन महीने पुराना: सुरक्षा अधिकारी
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी प्रो. दुष्यंत चौहान ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में जिस स्थान का वीडियो सामने आया है, वहां पहले कुछ कर्मचारी रहते थे। उस स्थान को अब खाली करा दिया गया है और वहां ताला लगवा दिया गया है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यकता पड़ने पर ही उस स्थान को खोला जाएगा।
उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो करीब दो से तीन महीने पुराना है। यह वीडियो उन्हें भी उसी दिन प्राप्त हुआ था, जिस दिन इसकी जानकारी मिली थी। वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ लोग बाहरी हैं, जबकि विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों की पहचान कर उन्हें लिखित नोटिस जारी किए गए हैं। छात्रों का कहना है कि यह वीडियो 28 अक्टूबर का है।
प्रो. चौहान के अनुसार, संबंधित लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि वे उस स्थान पर क्या कर रहे थे और वहां उनकी मौजूदगी का क्या कारण था। इनमें चीफ प्राक्टर के ड्राइवर भी शामिल हैं, जिन्हें लिखित जवाब देने के लिए कहा गया है। कुछ अन्य लोगों को भी उनके संबंधित विभागों के माध्यम से जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। जो भी व्यक्ति इस गतिविधि में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह घटना गलत है और इसमें किसी को भी संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय के वार्डन और चीफ वार्डन को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि हास्टल और परिसर की नियमित निगरानी रखें। पहले जिस स्थान पर कर्मचारी रहते थे, वहां आग लगने की घटना भी हो चुकी थी। इसके बाद वहां रहने वाले लोगों की व्यवस्था दूसरी जगह कर दी गई थी और संबंधित स्थान को खाली करा दिया गया था।
प्रो. चौहान ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर और हास्टल में अनुशासन बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि कोई व्यक्ति चोरी-छिपे या व्यक्तिगत स्तर पर कोई गलत गतिविधि करता है तो उस पर भी निगरानी और कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों और हास्टल में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।