विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE : रटकर नहीं, समझ और हुनर से तय होगी विद्यार्थियों की काबिलियत... यह पहल की जा रही

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 11 Nov 2026 03:26 PM (IST)

सीबीएसई अब रटने के बजाय समझ और हुनर पर आधारित मूल्यांकन प्रणाली अपनाएगा। सहोदय स्कूल कॉम्प्लेक्स के राष्ट्रीय सम्मेलन में ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो) 

HighLights

  1. सहोदय के राष्ट्रीय सम्मेलन में दक्षता आधारित मूल्यांकन पर होगा मंथन

  2. भविष्य की जरूरतों के हिसाब से बच्चों को तैयार करने पर होगा मंथन

जागरण संवाददाता, मेरठ। स्कूलों में अब विद्यार्थियों की सफलता का पैमाना केवल परीक्षा में मिले अंक नहीं होंगे। यह भी देखा जाएगा कि बच्चा कितना समझता है, सीखे हुए ज्ञान का वास्तविक जीवन में कितना इस्तेमाल कर सकता है। नई परिस्थितियों में समस्याओं का समाधान निकालने में कितना सक्षम है। शिक्षा व्यवस्था को रटने की परंपरा से निकालकर हुनर, समझ और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने की इसी सोच पर दिसंबर में राष्ट्रीय स्तर पर मंथन होगा।

सहोदय स्कूल कांप्लेक्स के 32वें राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन में इस बार दक्षता आधारित मूल्यांकन (कम्पीटेंसी बेस्ड असेसमेंट) सबसे प्रमुख विषय रहेगा। 17 और 18 दिसंबर को जम्मू स्थित शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसकेयूएएसटी) के बाबा जित्तो आडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन की थीम ‘असेसमेंट : एम्पावरिंग ग्लोबली माइंडेड, फ्यूचर-रेडी लर्नर्स’ रखी गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को छोटे-छोटे व्यावहारिक कदमों के माध्यम से स्कूलों तक पहुंचाने और परीक्षा प्रणाली में बदलाव की दिशा तय करने पर चर्चा होगी।

सवाल बदलेंगे तो सामने आएगी असली समझ
मेरठ सहोदय स्कूल कांप्लेक्स के अध्यक्ष राहुल केसरवानी ने कहा कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था में बड़ी चुनौती रटकर परीक्षा पास करने की प्रवृत्ति है। विद्यार्थी किसी विषय को याद कर लेते हैं। परीक्षा में उसी तरह के सवाल आने पर अच्छे अंक प्राप्त कर लेते हैं। लेकिन इससे यह पता नहीं चलता कि उन्होंने विषय को वास्तव में कितना समझा है।

कम्पीटेंसी आधारित मूल्यांकन इस व्यवस्था को बदलने की कोशिश है। इसमें सवालों का प्रारूप, भाषा और पूछने का तरीका बदल सकता है। प्रश्न लंबे, छोटे या बहुविकल्पीय हो सकते हैं, लेकिन उनका उद्देश्य विद्यार्थी की अवधारणात्मक समझ को परखना होगा। विद्यार्थी तभी सही उत्तर दे पाएगा, जब उसने विषय को समझा होगा, केवल याद नहीं किया होगा। इससे शिक्षा का वास्तविक जीवन में उपयोग यानी व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने में मदद मिलेगी।

बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने की चुनौती
सम्मेलन का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष वैश्विक नागरिकता और 21वीं सदी के कौशल होंगे। केसरवानी के अनुसार कुछ वर्ष पहले जिन कौशलों की मांग थी, उनमें से कई आज अप्रासंगिक हो चुके हैं। आने वाले वर्षों में तकनीक और रोजगार के स्वरूप में और तेजी से बदलाव होगा। ऐसे में भारत के करीब 37.5 करोड़ स्कूली बच्चों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना बड़ी चुनौती है। बताया कि चीन में कम उम्र से ही बच्चों को रोबोटिक्स और ड्रोन जैसी तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है।

भारत में भी कौशल विकास और स्कूलों में कौशल आधारित पाठ्यक्रम को बढ़ावा देना इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। सम्मेलन में समग्र मूल्यांकन, वैश्विक नागरिकता, 21वीं सदी के कौशल, मूल्यांकन में तकनीक का इस्तेमाल और उससे जुड़ी नैतिक चुनौतियां, विशेष जरूरतों वाले विद्यार्थियों के लिए समान अवसर, निरंतर मूल्यांकन, फीडबैक, पोर्टफोलियो और प्रोजेक्ट आधारित मूल्यांकन जैसे विषय शामिल होंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।