पूर्व विधायक ने जन्मदिन पर फरसे से काटा केक, दर्ज हुआ मुकदमा Bulandshahar News
पुलिस ने इस मामले की प्राथमिक जांच में पाया कि भरी भीड़ में पूर्व विधायक फरसे से केक काटे हैं। इस कारण पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है और जांच शुरू कर दी है।
बुलंदशहर, जेएनएन। डिबाई से पूर्व सपा विधायक गुड्डू पंडित उर्फ भगवान दास शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में है। शुक्रवार को उन्होंने अपने जन्मदिन के मौके पर फरसे से केक काटा। इस दौरान काफी भीड़ मौजूद रही और शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया गया। अपने समर्थकों के साथ केक काटने वाले पूर्व विधायक के आफिस पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने जांच करने के बाद पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं इस मामले में पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
लाकडाउन के दौरान सुर्खियों में रहे पूर्व विधायक
पूर्व विधायक गुड्डू पंडित ने हाल ही में सड़क के बीच में कार की छत पर केक रखकर काटा था। उनके खिलाफ वहां पर भी मुकदमा दर्ज हुआ था। कुछ दिन पहले उन पर अपने कार्यालय के सामने से गुजर रहे मजदूरों को एकत्रित करके शारीरिक दूरी का पालन न करते हुए खाना खिलाने का आरोप लगा था। इस मामले में भी उन पर मुकदमा दर्ज हुआ था। कोरोना काल के दौरान गुड्डू पंडित के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
जब फरसे से केक काटा
शुक्रवार को उन्होंने अपने जन्मदिन के मौके पर अपने समर्थकों को अपने निजी कार्यालय पर एकत्रित किया। जिसके बाद समर्थकों की मौजूदगी में उन्होंने चाकू से नहीं फरसे से केक काटा। इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी भी की। गुड्डू पंडित के पक्ष में नारे लगाए। सूचना पर शहर कोतवाल अरुणा राय और सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्र पहुंचे। जिसके बाद पूर्व विधायक के समर्थक को इधर उधर किया गया। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक के खिलाफ शारीरिक दूरी का पालन नहीं करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।