विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सफलता के टिप्स! योजनाबद्ध तैयारी, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच दिलाएगी बोर्ड परीक्षा में सफलता

By Rajendra Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 12 Nov 2026 05:10 AM (IST)

मनोविज्ञानी डा. मनीषा तेवतिया ने बोर्ड परीक्षाओं में शानदार सफलता के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए हैं। इसमें स्मार्ट स्टडी, नियमित ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए मनोविज्ञानी डा. मनीषा तेवतिया ने बताएं सफलता के मंत्र

  2. मोबाइल से बनाएं दूरीं, तनावमुक्त रहकर अब करनी है परीक्षा की सही रणनीति से तैयारी

जागरण संवाददाता, मेरठ। यूपी बोर्ड की वर्ष-2027 की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाएं पांच फरवरी व सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। आइएससी 12 वीं की नौ व आइसीएसई 10 वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से प्रारंभ होंगी। तीनों ही बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम (डेटशीट) जारी कर दी है। परीक्षार्थी भी अपने तरीके से परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं। बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता पाने के लिए जरूरी सही रणनीति से स्मार्ट स्टेडी। इसके लिए बोर्ड परीक्षार्थियों को पढ़ाई के घंटे नहीं बढ़ाने हैं। परीक्षा को लेकर घबराना नहीं है।

11SKT_29.jpg 123

बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता के लिए 12 टिप्स कारगर साबित होंगे। किस तरह कारगर साबित होंगे। यह बता रही हैं पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज परिसर स्थित मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र की प्रवक्ता व मनोविज्ञानी डा. मनीषा तेवतिया।

डा. तेवतिया का कहना है कि बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी होने के बाद परीक्षार्थियों के लिए तैयारी का तरीका बदलना जरूरी है। अब केवल पढ़ाई के घंटे बढ़ाने के बजाय स्मार्ट स्टडी, विषयवार रणनीति, नियमित रिवीजन और मानसिक संतुलन पर ध्यान देना जरूरी है। डा. तेवतिया के अनुसार डेटशीट को डर का कारण नहीं, बल्कि अपनी तैयारी को व्यवस्थित करने का अवसर बनाएं। अब समय अधिक पढ़ने का नहीं, बल्कि सही दिशा में पढ़ने का है। नियमित अभ्यास, योजनाबद्ध पुनरावृत्ति और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी हैं। याद रखें, परीक्षा आपकी तैयारी का मूल्यांकन करती है, आपके संपूर्ण व्यक्तित्व और भविष्य का नहीं। डेटशीट जारी होने के बाद यह रणनीतियां अपनाकर परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त की जा सकती है।

डेटशीट के अनुसार नया टाइम-टेबल बनाएं
डेटशीट जारी होने के बाद अब सभी विषयों को समान समय देने के बजाय परीक्षा की तारीख और विषय की कठिनाई के अनुसार समय निर्धारित करें। जिस विषय की परीक्षा पहले है, उसे प्राथमिकता दें। इसी क्रम के अनुसार बाकी विषय की भी तैयारी शुरू करें।

तीन चरणों में करें परीक्षा की तैयारी
पहले चरण में पाठ्यक्रम के बचे हुए महत्वपूर्ण टापिक्स पूरा करें। दूसरे चरण में सभी विषयों का रिवीजन करें। तीसरे चरण में माडल पेपर और पिछले सालों के प्रश्नपत्र समय सीमा में हल करें।

गैप का सही उपयोग करें
दो परीक्षाओं के बीच मिलने वाले अवकाश को पहले से निर्धारित करें। इस समय अगले विषय के कमजोर अध्यायों और महत्वपूर्ण प्रश्नों की पुनरावृत्ति करें।

60-30-10 अध्ययन रणनीति अपनाएं
उपलब्ध अध्ययन समय का लगभग 60 प्रतिशत कमजोर और कठिन विषयों को, 30 प्रतिशत औसत तैयारी वाले विषयों को और 10 प्रतिशत मजबूत विषयों के रिवीजन को दें। अपनी आवश्यकता के अनुसार इसमें बदलाव करें।

प्रतिदिन एक लिखित टेस्ट जरूर दें
कम से कम एक विषय का निर्धारित समय में अभ्यास करें। इससे उत्तर लिखने की गति, सटीकता और समय प्रबंधन बेहतर होगा।

कमजोर अध्यायों की सूची बनाएं
हर विषय में उन अध्यायों को चिह्नित करें, जिनमें अधिक गलतियां होती हैं। केवल पसंदीदा विषय पढ़ने की आदत से बचें।

अपना व्यक्तिगत रिवीजन नोट्स तैयार करें
फार्मूले, परिभाषाएं, महत्वपूर्ण तिथियां, डायग्राम, कठिन शब्द और मुख्य बिंदु एक जगह लिखें। परीक्षा से पहले ये बहुत उपयोगी होंगे।

परीक्षा के बीच नई किताबें शुरू न करें
अंतिम समय में नए स्रोतों और अनावश्यक गाइड बदलने के बजाय निर्धारित पाठ्यक्रम, एनसीईआरटी अथवा संबंधित बोर्ड की निर्धारित पुस्तक और आधिकारिक माडल पेपर पर ध्यान दें।

नींद से समझौता न करें
प्रतिदिन 7-8 घंटे की नींद लें। रातभर जागकर पढ़ना एकाग्रता, स्मरण शक्ति और निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है।

पढ़ाई के दौरान मोबाइल को दूर रखें
पढ़ाई के दौरान मोबाइल को दूर रखें। इंटरनेट मीडिया और अनावश्यक आनलाइन गतिविधियों के लिए निश्चित समय निर्धारित करें।-

परीक्षा से एक दिन पहले मानसिक दबाव न लें
नए अध्याय शुरू करने के बजाय संक्षिप्त नोट्स और महत्वपूर्ण बिंदुओं का रिवीजन करें। पर्याप्त नींद लें और परीक्षा की आवश्यक सामग्री तैयार रखें।

सकारात्मक मानसिकता बनाए रखें
अपने प्रदर्शन को लेकर भयभीत होने के बजाय तैयारी पर ध्यान दें। आत्मविश्वास और शांत मन से प्रश्नों को हल करने की क्षमता बेहतर होती है।

अभिभावक भी बरतें सावधानी
डेटशीट जारी होने के बाद बोर्ड के परीक्षार्थियों में परीक्षा का भय, घबराहट और अच्छे अंक लाने का दबाव बढ़ जाता है। इस समय अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों को बार-बार यह याद दिलाने के बजाय कि परीक्षा में कितने अंक लाने हैं, उन्हें खूब प्रेरित करें। उन्हें यह विश्वास दिलाएं कि वे अपनी क्षमता के अनुसार अच्छा प्रदर्शन कर सकें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।