गणतंत्र दिवस पर सामूहिक रूप से जनसेवा का ऐसा संदेश देगा मेरठ का यह संगठन
Blood Donate In Meerut यह एक सुखद पहल है। मेरठ शहर में संचालित हिंदूस्तानी यूनिटी मिशन 26 जनवरी पर कार्यकर्ताओं व अन्य सहयोगी संगठनों के साथ सामूहिक रूप से रक्तदान कर गणतंत्र की मजबूती का जश्न मनाएगा। इस शिविर में बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Blood Donate In Meerut एक दिन के बाद 26 जनवरी को हमारा देश एक लोकतांत्रिक देश होने के नाते गणतंत्र दिवस का महापर्व मनाएगा। यह हमें आजादी के असल अधिकार और उसके मायने को बखूबी समझता है। उदाहरण के रूप समझें तो अगर हम खुले मंच पर अपनी बात और विरोध जता पाते हैं तो वह इसके तहत मिलीं संविधान रूपी शक्तियां हैं। हमारी दिनचर्या में कई ऐसी बातें घट जाती है जो बिना इन नागरिक शक्तियों या अधिकार के बिना संभव नहीं, जोकि हमें अभी स्वाभाविक लगती हैं। इसलिए हमें संविधान का सम्मान करना चाहिए। 26 जनवरी को ही देश ने संविधान को अपनाया था। 26 जनवरी को इस पर्व को गणतंत्र दिवस के जश्न के तौर पर लोग अलग-अलग तरीकों ने मनाएंगे।
करेंगे रक्तदान
इसी बीच मेरठ का एक सामाजिक संगठन इस महान राष्ट्रीय पर्व को एक अनोखे ढंग से मनाएगा। शहर में संचालित हिंदूस्तानी यूनिटी मिशन 26 जनवरी पर कार्यकर्ताओं व अन्य सहयोगी संगठनों के साथ सामूहिक रूप से रक्तदान कर गणतंत्र की मजबूती का जश्न मनाएगा। संस्था के संस्थापक व अध्यक्ष सुमित शर्मा ने बताया कि संगठन के बैनर तले पिछले आठ वर्षों से सामूहिक रक्तदान शिविर लगाया जा रहा है।
9 वां रक्तदान शिविर
इस बार संगठन 9वां रक्तदान शिविर का आयोजन कर रहा है। शहर के सूरजकुंड रोड पर होटल बसंत कुंज के पास बैजनाथ कांपलेक्स स्थित संगठन के कार्यालय पर इसका आयोजन होगा। सुबह 10 बजे से शिविर की शुरुआत होगी। इसमें उनके साथ अखिल भारतीय सेवा दल, ट्राइ फाउंडेशन, शुभ सोशल वैलफेयर का सहयोग रहेगा।