Move to Jagran APP

अब सैनिकों के दिलों से सियासी तार जोड़ेगी भारतीय जनता पार्टी

पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के बाद पूरे देश में उत्साह का माहौल है। भारतीय जनता पार्टी ने भी वक्त की नजाकत को समझा है और वह जवानों के दिलों में जगह बनाना चाहती है।

By Ashu SinghEdited By: Published: Fri, 01 Mar 2019 10:46 AM (IST)Updated: Fri, 01 Mar 2019 10:46 AM (IST)
अब सैनिकों के दिलों से सियासी तार जोड़ेगी भारतीय जनता पार्टी
अब सैनिकों के दिलों से सियासी तार जोड़ेगी भारतीय जनता पार्टी
मेरठ, [संतोष शुक्ल]। चुनावी मोड में आ चुकी भाजपा अब सैनिकों के दिल से सियासी तार जोड़ेगी। बुलंदशहर में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह शुक्रवार को सैनिकों के मन की बात सुनेंगे,तो नोएडा में संबित पात्रा युवा मन की नब्ज टटोलेंगे। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आगरा में महिलाओं के मन की बात जानेंगी। पार्टी नए इनपुट शामिल कर चुनावी एजेंडे को धारदार बनाएगी।
वक्त की नजाकत
पाकिस्तान पर भारतीय वायु सेना की एयर स्ट्राइक के बाद देश में उत्साह का माहौल है। इससे पहले पुलवामा आतंकी हमले में 40 से ज्यादा सिपाहियों की मौत से देशभर में मातम का माहौल रहा। भाजपा ने वक्त की नजाकत को भांपते हुए अब सैनिकों के मन की बात सुनने की योजना बनाई है। इसका जिम्मा जनरल वीके सिंह को दिया गया है,जो सेना प्रमुख रहे हैं। पश्चिमी उप्र से बड़ी संख्या में लोग सेना में पहुंचते हैं, जिसके लिए पार्टी ने बुलंदशहर में कार्यक्रम तय किया है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह करीब पांच सौ पूर्व सैनिकों एवं शहीदों के परिजनों से संवाद करते हुए मन की बात जानेंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव को देखते हुए पार्टी इस कार्यक्रम को विशेष तवज्जो दे रही है।
युवाओं को साधेंगे संबित
गत दिनों सीएम ने युवाओं के मन की बात के बहाने उनकी नब्ज टटोला। युवाओं के कई सुझावों को पार्टी इस बार संकल्प पत्र में शामिल करने का मन बना रही है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा शुक्रवार को नोएडा में युवाओं से रूबरू होंगे। इसमें हर उम्र वर्ग के युवाओं को बुलाया गया है,जिन्हें संबित पात्र रोजगार,पारदर्शिता एवं राष्ट्रवाद समेत तमाम अन्य मसलों से साधेंगे।
स्मृति ईरानी सुनेंगी महिलाओं की बात
मोदी के मन की बात की तर्ज पर भाजपा छह नए कार्यक्रम चला रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार को आगरा में महिलाओं के बीच पहुंचकर चुनावी मंशा परखेंगी। वो महिलाओं से सरकार की तमाम योजनाओं के बारे में फीडबैक लेंगी। साथ ही महिला सम्मान एवं सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की चर्चा कर उनके दिल में उतरेंगी। इससे पहले दिल्ली की सांसद व राष्ट्रीय वक्ता मीनाक्षी लेखी ने हाल में मेरठ में खेल उद्यमियों के मन की बात सुनी।
किसानों के मान की थाह ली
पिछले दिनों रामपुर में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मेंथा और धान पैदा करने वाले किसानों के मन की थाह ली। नए संकल्प पत्र के बहाने भाजपा किसानों को भी साधने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि भाजपा सरकार ने सैनिकों का सर्वाधिक सम्मान किया है। वन रैंक-वन पेंशन से लेकर आधुनिकीकरण समेत तमाम बड़े कदम उठाए गए। बुलंदशहर में केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह सैनिकों के मन की बात जानेंगे। हर विस क्षेत्र में एक सुझाव पेटिका भी रखी गई है। पांच साल का एजेंडा बनाने के लिए पार्टी सभी के सुझावों का सम्मान करेगी।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.