मेरठ मेडिकल थाने में बैनर लगाने का मामला, पुलिस ने हंगामा करने वाले छह आरोपित किए गिरफ्तार
BJP Banner In Meerut मेरठ के मेडिकल थाने में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना माना है संबंधी बैनर लगाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में जांच अभी जारी है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। BJP Banner In Meerut मेरठ में मेडिकल थाने में बैनर लगाकर हंगामा करने के मामले में पुलिस में नामजद चारों आरोपितों समेत दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी का मेडिकल कराने के बाद उनको कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, पुलिस के पास सिफारिश करने वालों की भी लाइन लगी हुई है।
नारेबाजी करते बैठ गए थे धरने पर
शुक्रवार को दुकान के विवाद में महिला के साथ थाने पहुंचे भाजपाइयों ने दूसरे पक्ष से समझौता नहीं होने पर हंगामा कर दिया था। नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना माना है का बैनर लगाकर मामले को तूल देने का भी प्रयास किया गया था। मामला प्रदेश स्तर पर जाने के बाद पुलिस में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
इन्हें किया गया गिरफ्तार
मेडिकल थाना प्रभारी संत शरण सिंह ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर शम्भू पहलवान उर्फ प्रशान्त कौशिक, सागर पोसवाल, कुलदीप मसूरी, अंकुर चौधरी, अमित भड़ाना, अमर शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपितों का मेडिकल कॉलेज में परीक्षण कराया गया। सभी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज अन्य मुकदमों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
जानिए क्या था पूरा मामला
मेरठ में शुक्रवार को दुकान के विवाद में मेडिकल थाने पहुंचे भाजपाइयों ने जमकर अराजकता की। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए थे। घंटों तक हंगामा चला। इस दौरान कुछ लोगों ने थाने के बाहर विवादित पोस्टर भी लगा दिया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में देर शाम पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी ट्वीट किया।
भाजपाइयों का हंगामा
इंचौली थाना क्षेत्र के मसूरी गांव निवासी पूजा की शादी चार साल पहले नौचंदी थाना क्षेत्र के वैशाली कालोनी निवासी अवधेश से हुई थी। पूजा ने बताया कि अक्टूबर 21 में पति की बीमारी से मौत हो गई थी। उसके बाद ससुर-देवर ने गढ़ रोड पर मेडिकल क्षेत्र में स्थित उनकी दुकान पर कब्जा कर लिया था। पति की मौत के बाद दुकान उन्होंने अपने नाम करा ली थी, लेकिन वह खाली नहीं कर रहे थे। शुक्रवार को पीड़िता भाजपा कार्यकर्ताओं शंभू पहलवान, सागर पोसवाल, अंकुर चौधरी आदि के साथ थाने पहुंची थी। पुलिस ने दूसरे पक्ष को भी बुला लिया था। हालांकि दोनों पक्षों में बात नहीं बनी। इस पर भाजपाइयों ने हंगामा कर दिया।