विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चार साल बाद टीम इंडिया में फिर दिखेगा भुवी की स्विंग का जादू, क्या बोले उनके शहर के खिलाड़ी और कोच?

By Sanjeev Kumar Jain Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 07 Oct 2026 12:33 PM (IST)

मेरठ के स्विंग मास्टर भुवनेश्वर कुमार की चार साल बाद भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी हुई है। उन्हें न्यूजीलैंड के ...और पढ़ें

,

,

HighLights

  1. आइपीएल में शानदार प्रदर्शन और घरेलू क्रिकेट में निरंतरता का मिला इनाम।

  2. न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में मिली जगह।

जागरण संवाददाता, मेरठ। करीब चार साल का इंतजार खत्म हुआ। मेरठ के स्विंग मास्टर भुवनेश्वर कुमार की भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी हो गई है। नवंबर 2022 में भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने वाले भुवी को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है। इसके साथ ही 30 अक्टूबर से होने वाले हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के लिए उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी भी सौंपी गई है।

भुवनेश्वर की वापसी को उनके हालिया प्रदर्शन का इनाम माना जा रहा है। आईपीएल 2026 में उन्होंने 28 विकेट हासिल किए और अपनी सटीक लाइन-लेंथ, स्विंग और डेथ ओवरों में गेंदबाजी से प्रभावित किया। घरेलू टी-20 क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा। यही निरंतरता अब उन्हें दोबारा भारतीय टीम की जर्सी तक ले आई है।

भुवी की वापसी सिर्फ एक खिलाड़ी की वापसी नहीं, बल्कि उस गेंदबाज पर दोबारा भरोसा है जिसने अपने स्विंग से भारतीय क्रिकेट में अलग पहचान बनाई। कुछ समय पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी भुवनेश्वर की गेंद को हवा में दोनों तरफ लहराने की क्षमता की खुलकर तारीफ की थी। इसके बावजूद लंबे समय तक टीम इंडिया से बाहर रहने के कारण उनके प्रशंसकों में निराशा थी।

भुवनेश्वर ने यूपी टी-20 लीग में खेलते समय भी कहा था कि उन्हें क्रिकेट खेलना पसंद है और वह इसी वजह से मैदान पर उतरते हैं। चयनकर्ता उनके प्रदर्शन पर ध्यान देते हैं या नहीं, यह उनके हाथ में नहीं है। अब उनके प्रदर्शन का जवाब चयनकर्ताओं के फैसले के रूप में सामने आया है।

प्रदर्शन के आधार पर भुवी टीम में होने ही चाहिए थे

मेरठ जिला क्रिकेट संघ के निदेशक प्रो. युद्धवीर सिंह का कहना है कि भुवनेश्वर ने कभी अपने प्रदर्शन से खुद को पीछे नहीं रखा। आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में उनकी निरंतरता बताती है कि वह अभी भी टी-20 क्रिकेट के लिए उपयोगी गेंदबाज हैं। उनके अनुभव के साथ नई गेंद से स्विंग और कठिन परिस्थितियों में गेंदबाजी करने की क्षमता टीम इंडिया को मजबूती देगी।

देर से सही, लेकिन सही फैसला

वरिष्ठ क्रिकेट कोच विपिन वत्स के अनुसार भुवनेश्वर के स्तर के गेंदबाज को लंबे समय तक टीम से बाहर रहना आश्चर्यजनक था। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को चयन का प्रमुख आधार माना जाए तो भुवी कई गेंदबाजों से आगे नजर आते हैं। अब टीम में वापसी उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन की पुष्टि करती है।

क्रिकेट के प्रति समर्पण का मिला पुरस्कार

मेरठ कालेज क्रिकेट एकेडमी के कोच संजय रस्तोगी ने कहा कि भुवनेश्वर ने टीम इंडिया से बाहर रहने के दौरान भी क्रिकेट से दूरी नहीं बनाई। वह लगातार खेलते रहे और खुद को फिट रखते हुए प्रदर्शन करते रहे। हांगकांग सिक्सेस की कप्तानी और अब टीम इंडिया में चयन उनके इसी समर्पण का परिणाम है।

अनुभव के साथ युवा गेंदबाजों को भी मिलेगा फायदा

गांधी बाग क्रिकेट एकेडमी के कोच तनकीब अख्तर के अनुसार भुवनेश्वर की वापसी मेरठ के क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि आईपीएल से लेकर यूपी टी-20 लीग तक भुवी को लगातार गेंदबाजी करते देखना यह बताता रहा कि उनमें अभी काफी क्रिकेट बाकी है। टीम इंडिया में उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

भुवी की वापसी से टीम को मिलेगी स्विंग और अनुभव की ताकत

भारतीय क्रिकेटर समीर रिजवी का कहना है कि भुवनेश्वर कुमार की वापसी टीम इंडिया के लिए सकारात्मक संकेत है। उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव है और नई गेंद से स्विंग कराने की उनकी क्षमता अलग स्तर की है। रिजवी के मुताबिक लंबे समय तक क्रिकेट खेलने के बाद वापसी करना आसान नहीं होता, लेकिन भुवी ने लगातार प्रदर्शन करके अपनी जगह बनाई है। उनका टीम में होना युवा खिलाड़ियों के लिए सीखने का भी बड़ा अवसर होगा।

भुवी जैसे अनुभवी गेंदबाज की मौजूदगी टीम के लिए बड़ी ताकत

क्रिकेटर प्रियम गर्ग के अनुसार भुवनेश्वर कुमार की वापसी उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का परिणाम है। कहा कि भुवी नई गेंद से विकेट लेने के साथ-साथ बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में माहिर हैं। उनके पास बड़े मुकाबलों का अनुभव है और यही अनुभव टीम इंडिया के लिए अहम होगा। प्रियम ने कहा कि मेरठ के लिए भी यह गर्व की बात है कि यहां से निकला तेज गेंदबाज एक बार फिर भारतीय टीम का हिस्सा बना है।