Bhoomi Poojan in Ayodhya: दिन में गूंजेगी रामधुन और शाम को दिखेगा दीपावली सा नजारा, 1008 स्थानों पर होगा पाठ
अयोध्या में भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए होने वाले भूमि पूजन को लेकर लोगों में श्रद्धा और उत्साह की लहर उठ रही है। 108000 दीयों को शहर में जगह-जगह प्रज्वलित किए जाएंगे।
मेरठ, जेएनएन। अयोध्या में भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए होने वाले भूमि पूजन को लेकर लोगों में श्रद्धा और उत्साह की लहर उठ रही है। कोरोना संक्रमण के चलते शारीरिक दूरी बनाए रखते हुए और नियमों के पालन के साथ इस अवसर को भव्य और अनूठे ढंग से मनाने की तैयारी चल रही है। मुख्य आयोजन विश्व हिंदू परिषद के 108000 दीयों को शहर में जगह-जगह प्रज्वलित करने का है। विश्व हिंदू परिषद के प्रचार प्रमुख मधुबन आर्य ने बताया कि हाउसिंग सोसाइटियों से मिलकर एक-एक स्थान पर दीप प्रज्वलित करने के लिए योजना बनाई जा रही है। इस क्रम में सुपरटेक पामग्रीन के प्रवेश द्वार पर ही 5100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। बाईपास स्थित नीलकंठ में 501, दिल्ली रोड सूर्या पैलेस में 1101 दीपक जलाए जाएंगे। दिल्ली रोड स्थित सरस्वती लोक कालोनी के निवासी भी शाम छह बजे दीये जलाएंगे। इसके बाद प्रसाद वितरण होगा।
भूमि पूजन का सजीव प्रसारण
हनुमान पुरी स्थित कार्यालय समेत शहर में तीन स्थानों पर अयोध्या में होने वाले भूमि पूजन का सजीव प्रसारण किया जाएगा। 1008 स्थानों पर जिसमें मंदिर भी शामिल हैं सुबह 10 बजे से सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ होगा। यह 16 प्रखंडों में छोटे-छोटे मंदिरों और घरों में होगा। शहर के प्रमुख चौराहे जैसे शास्त्रीनगर एल-ब्लाक चौराहा, दिल्ली रोड, फुटबाल चौक, दैनिक जागरण चौराहा, बेगमपुल, तेजगढ़ी, लालकुर्ती चौराहा में रंगोली सजाई जाएगी और भगवा झंडियां लगाई जाएंगी।
इन बाजारों में भी होगा आयोजन
आबूलेन व्यापार संघ के अध्यक्ष नरेंद्र ङ्क्षसह ने बताया कि पांच अगस्त को सुबह से बाजार में स्पीकर लगा भक्ति धुनें बजेंगी। शाम को बाजार में दुकानों के आगे दीये और मोमबत्ती जलाई जाएंगी। मंत्री राजवीर सिंह ने बताया कि डिवाइडर को भी सजाया जाएगा। शास्त्रीनगर जागृति विहार संयुक्त व्यापार संघ के मीडिया प्रभारी विजय गांधी ने बताया कि पांच अगस्त को हवन का कार्यक्रम प्रशासन के अनुरोध पर स्थगित कर दिया है। बताया कि पांच सौ भगवा ध्वज दुकानों पर लगाए जाएंगे। शाम को दीप प्रज्वलित किया जाएगा और 71 किलो लड्डुओं का वितरण होगा।
थापरनगर गुरुद्वारे में भी सजेगी दीपमाला
थापरनगर स्थित गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे के प्रधान सरदार रणजीत सिंह नंदा और महासचिव हरप्रीत सिंह ने बताया कि कमेटी ने शाम को दीये जलाने और मिष्ठान वितरित करने का निर्णय किया है। इस अवसर पर अरदास भी होगी।