मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गतिविधियां शुरू, पैकेजिंग कंपनी का भूमि पूजन कार्यक्रम 25 को
मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बिजौली गांव में औद्योगिक गतिविधियां गति पकड़ रही हैं। 25 नवंबर को बॉल बेवरेज ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बिजौली गांव में बॉल बेवरेज पैकेजिंग के भूमि पूजन कार्यक्रम के लिए लगाया जा रहा टेंट। जागरण
HighLights
गंगा एक्सप्रेसवे किनारे औद्योगिक गतिविधियां शुरू हुईं।
बॉल बेवरेज पैकेजिंग कंपनी का भूमि पूजन 25 नवंबर को।
कंपनी मेरठ में तीन हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
संवाद सूत्र, खरखौदा (मेरठ)। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बिजौली गांव में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने लगी है। क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक निवेश और पैकेजिंग उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में 25 नवंबर को बॉल कॉर्पोरेशन की भारतीय इकाई बॉल बेवरेज पैकेजिंग कंपनी का भूमि पूजन कार्यक्रम प्रस्तावित है, इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
भूमि पूजन के लिए एस्फिंक्स एडोनिस इंडिया को टेंट लगाने का टेंडर मिला है। कंपनी के प्रोडक्शन मैनेजर जुबेर चौधरी ने बताया कि कंपनी टेंट लगाकर भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है। इसके लिए 100 गुना 120 वर्ग मीटर क्षेत्र में टेंट लगाया जा रहा है। कार्यक्रम में कंपनी के विदेशी अधिकारी, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) तथा प्रशासनिक अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जा सकता है।
गौरतलब है कि बिजौली में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए भारी उद्योगों को भूखंड आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही थी । इसके तहत यूपीडा ने ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की थी। अमेरिका की बॉल कॉर्पोरेशन की भारतीय इकाई बॉल बेवरेज के प्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र का भ्रमण किया था। कंपनी यहां करीब तीन हजार करोड़ रुपये का निवेश करने की इच्छुक है।बॉल कॉर्पोरेशन दुनिया की अग्रणी एल्युमीनियम पेय पदार्थ पैकेजिंग (कैन) निर्माता कंपनियों में शामिल है। इसके निवेश से क्षेत्र में पैकेजिंग उद्योग के साथ आपूर्ति श्रृंखला का बड़ा नेटवर्क विकसित होने की उम्मीद है।