विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिर गूंजी रंगदारी की धमक, बद्दो और उधम सिंह के नाम से दहशत

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 11 Nov 2026 04:09 PM (IST)

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुख्यात बदन सिंह बद्दो और उधम सिंह के नाम पर रंगदारी मांगने के दो मामले सामने आए हैं, जिससे पुलिस की चिंता बढ़ गई है।

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो) 

HighLights

  1. पांच लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो ने अमेरिका में रह रहे भारतीय से धमकी देकर मांगे एक करोड़

  2. उधम के शूटर ने बिल्डर से मांगी 50 लाख की रंगदारी, आबूलेन से पीछा कर कार पर चलाई गोली

जागरण संवाददाता, मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपराध की दुनिया में लंबे समय तक चर्चित रहे दो नाम एक बार फिर रंगदारी की धमकियों को लेकर सुर्खियों में हैं। पांच लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो और करनावल निवासी कुख्यात उधम सिंह के नाम पर रंगदारी मांगने के दो मामले सामने आने से पुलिस की चिंता बढ़ गई है।

बदन सिंह बद्दो पर अमेरिका में रह रहे भारतीय नागरिक से फोन पर एक करोड़ रुपये मांगने और भारत लौटने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। वहीं, उधम सिंह के शूटर इनामउल्लाह पर मेरठ के बिल्डर अंकुर शर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और उनकी कार पर फायरिंग करने का आरोप है। अभी तक पुलिस बद्दो, उधम सिंह और उसके शूटर को पकड़ नहीं पाई है।

अमेरिका में रह रहे भारतीय से एक करोड़ की मांग
बदन सिंह बद्दो पर अमेरिका के मैसाचुसेट्स में रहने वाले कमल जीत सिंह को फोन कर धमकाने का आरोप है। 10 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे कमलजीत के मोबाइल पर काल आई। काल करने वाले ने खुद को बदन सिंह बद्दो बताया। कमल जीत सिंह का दावा है कि वह बद्दो को बचपन से जानते हैं और आवाज पहचानते हैं। कमलजीत सिंह ने सीएम पोर्टल और एडीजी और एसएसपी मेरठ को ई-मेल भेजकर शिकायत की है।

आरोप है कि फोन पर भारत लौटने पर जान से मारने की धमकी दी गई और मकान के केयर टेकर सोहन सिंह को एक करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया गया। विवाद कमल जीत सिंह की पत्नी कर्मजीत कौर पंवार के भारत स्थित मकान को लेकर है।

आबूलेन में बिल्डर की कार पर फायरिंग
उधम सिंह के शूटर इनामउल्लाह पर रियल एस्टेट कारोबारी अंकुर शर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। पल्लवपुरम के विवेक विहार निवासी अंकुर शर्मा एसआर डेवलपर्स में साझेदार हैं। अंकुर के मुताबिक, सात सितंबर को आबूलेन स्थित पल्स जिम से निकलकर जली कोठी जाते समय दो गाड़ियों ने अशोक की लाट के पास उनकी कार को घेर लिया।

आरोप है कि इनामउल्लाह ने पिस्टल दिखाकर 50 लाख रुपये देने की धमकी दी। उनके भागने पर कार की तरफ फायरिंग भी की गई। इसके बाद एक नवंबर की रात बाइक सवार दो युवक उनके कार्यालय के बाहर पहुंचे और लिफाफा देकर चले गए। दो नवंबर को लिफाफा खोलने पर उसमें जिंदा कारतूस और धमकी भरा पत्र मिला। पुलिस ने बिल्डर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही सुरक्षा मुहैया कराई गई। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि दोनों ही मामलों में पुलिस काम कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।