39 साल बाद पर्दे पर एक साथ दिखेंगे अरुण गोविल और दीपिका, 'नोटिस' फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं मेरठ के सांसद
सांसद अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया 39 साल बाद फिल्म 'नोटिस' में एक साथ नजर आएंगे, जो शुक्रवार को वेव्स ...और पढ़ें

सांसद अरुण गोविल की मुख्य भूमिका वाली फिल्म नोटिस का पोस्टर। सौ. निर्माता
HighLights
'नोटिस' फिल्म वेव्स ओटीटी पर शुक्रवार को हो रही रिलीज।
फिल्म दर्शाती है आम आदमी का संघर्ष और न्याय की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद एवं लोकप्रिय अभिनेता अरुण गोविल की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘नोटिस’ में आमजन के संघर्ष, न्याय की उम्मीद और प्रभावशाली लोगों के सामने एक साधारण नागरिक की लड़ाई को भावनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। शुक्रवार को यह फिल्म वेव्स ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हो रही है।
रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण में श्रीराम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल और सीताजी की भूमिका निभाने वाली दीपिका चिखलिया की जाेड़ी 39 साल बाद पर्दे पर एक बार फिर नजर आएगी।
इसमें मुख्य किरदार नारायण गुप्ता के रूप में अरुण गोविल ने सामान्य परिवार का सरकारी व्यवस्था से लड़ाई को जीवंत करने का प्रयास किया है। फिल्म में पंचायत फेम अभिनेता पंकज झा भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे।
इनके अलावा आदित्य रघुवंशी, त्रिपुरारी यादव, ठाकुर राजवीर सिंह, नगिना बोपचे, मेनिका राय, सुनील कुमार सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह, अभिनव शर्मा, समीर मलिक, प्रमोद सैनी, शैलेंद्र, दिनेश भाटी सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया है।
फिल्म का निर्माण, लेखन एवं अभिनय आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी ने किया है। निर्देशन प्रदीप गुप्ता का है। पटकथा एवं संवाद एबी मोहन और अमृत राज ने लिखे हैं।
कैलाश खेर और अंकिता चौहान की आवाज में प्रभु श्रीराम एवं चित्रकूट की पावन धरती को समर्पित गीत ‘राम अवध में आए’ विशेष आकर्षण है। इसके अतिरिक्त फिल्म में लोकसंगीत की खूबसूरत प्रस्तुति ‘ना रगड़ा ना रौब’ सहित अन्य गीत भी प्रभाव डाल रहे हैं।
अपनी कहानी अनुभव करेंगे लोग : आदित्य
निर्माता एवं लेखक आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी ने दैनिक जागरण को बताया कि इस कहानी सामान्य लोगों आवाज नजर आएगी।
फिल्म की प्रेरणा वास्तविक घटनाओं और समाज में आम आदमी के सामने आने वाली चुनौतियों से जुड़ी है। लोग इसे स्वयं से जुड़ा हुआ अनुभव करेंगे। इसमें अपनी कहानी अनुभव करेंगे। आदित्य इससे पहले ‘पगलेआजम’ और ‘लाल मिर्च’ जैसी फिल्मों से भी जुड़े रहे हैं।