सरस मेले का आगाज, घरेलू उत्पाद से सजाए गए स्टॉल
राजकीय इंटर कालेज बेगमपुल के मैदान में लगे छह दिवसीय मंडलीय सरस मेले का शुभारंभ अ हुआ।
मेरठ : राजकीय इंटर कालेज बेगमपुल के मैदान में लगे छह दिवसीय मंडलीय सरस मेले का शुभारंभ आयुक्त ने किया। इस दौरान उन्होंने महिला समूह द्वारा बनाए गए घरेलू उत्पादों की जानकारी ली और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मेले में कुल 57 स्टॉल स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। मंडल में तेजी से आगे बढ़ रहे समूहों को गति प्रदान करने के लिए जीआईसी मैदान में मंडलीय सरस मेले का मंगलवार का आगाज हुआ। मेले का शुभारंभ करते हुए आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने कहा कि स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ अपने परिवार के पालन में भी सहयोग कर रही है। मेले में महिला समूह द्वारा बनाए गए उत्पादों से सजे स्टॉल का भी निरीक्षण आयुक्त ने किया। मेले में मुख्य रूप से दैनिक उपयोग की वस्तुओं को बिक्री के लिए रखा गया है। जिसमें अचार, नमकीन, बिस्कुट, दालें, सिरका, शहद, मुरबा के साथ पूजन सामग्री, फुटबॉल, रेडीमेड गारमेंट, हौजरी, आर्टीफिशियल ज्वैलरी आदि उत्पाद शामिल हैं। सीडीओ आर्यका अखौरी ने बताया कि मेला 27 अक्टूबर तक सुबह 11 से रात आठ बजे तक चलेगा। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त रामरक्ष पाल यादव, पीडी भानू प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
जादुई कारनामे देख लोग हुए हैरान
मेरठ : रोटरी क्लब मेरठ प्रभात की एक पारिवारिक सभा भगवान पैलेस में आयोजित की गई। जिसमें रोटरी क्लब के पदाधिकारियों के साथ तमाम सदस्यों ने हिस्सा लिया। सभा के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिन सदस्यों के बीते महीनों में शादी की सालगिरह और जन्मदिन थे उन्हें विशेष उपहार दिए गए। सभा का मुख्य आकर्षण जादूगर वी सम्राट के जादुई कारनामे रहे। एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। सभा में प्रमुख रूप से वरिष्ठ रोटेरियन एमएस जैन, अध्यक्ष सुरेश नारायण माहेश्वरी, सचिव संजय शर्मा, डॉ. अनवर शेख रोमानी और शशिकांत शर्मा मौजूद रहे।