मेरठ से लोकसभा चुनाव का व्यूह रचेंगे अमित शाह
पश्चिमी यूपी के लिए विशेष रणनीति पर भी मंथन करेंगे।अमित शाह शहर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 11-12 अगस्त को होगी।
मेरठ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मेरठ में लोकसभा चुनाव की व्यूह रचना करने आ रहे हैं। वह यहा पर पश्चिमी यूपी के लिए विशेष रणनीति पर भी मंथन करेंगे।
शहर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 11-12 अगस्त को होगी। समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। बैठक में लोकसभा चुनाव के रोडमैप पर चर्चा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों व कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर सभी छह क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठनात्मक योजनाओं एवं कार्यक्रमों को नीचे तक पहुंचाने का काम सौंपा जाएगा। यह भी बताया जाएगा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं को आम जनता के बीच प्रभावी ढंग से कैसे पहुंचाई जाए। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की आगरा व मीरजापुर में लोकसभा संचालन समिति की बैठक के बाद भाजपा ने अब पश्चिम उप्र की ओर रुख किया है। आज होगा जगह का चयन
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र ने बताया कि प्रदेश कार्य समिति की बैठक कहा होगी, इस पर अभी निर्णय होना है। जगह के चयन के लिए शुक्रवार को पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्रि्वनी त्यागी और प्रदेश सरकार में मंत्री ब्रजेश पाठक मेरठ पहुंचेंगे। इसलिए अहम है भाजपा के लिए वेस्ट यूपी
मेरठ पश्चिम उप्र के राजनीति का केंद्र बिंदु रहा है। भाजपा को लोकसभा चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव 2017 में उम्मीद से अधिक सीटें हासिल हुई थीं। मेरठ क्षेत्र जातिगत राजनीति के लिए भी अहम रहा है। वर्तमान में बड़ी राजनीतिक पार्टियां मुस्लिम-जाट व दलित-मुस्लिम समीकरण बनाने में जुटी हैं। मेरठ के महत्व को देखकर ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने यहां राष्ट्रोदय जैसा कार्यक्रम किया। अब भाजपा विरोधी दलों की रणनीति का जवाब देने व मेरठ को एक बार फिर महत्व देने के लिए प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करने जा रही है।