विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रविता ने पकड़े थे हाथ… अमरदीप ने दबाया गला, फिर छोड़ा था सांप; अमित कश्यप हत्याकांड का फैसला आज

Published: Wed, 07 Oct 2026 10:57 AM (GMT+05:30)

अमित कश्यप हत्याकांड में आज फैसला आने वाला है, जिसमें पत्नी रविता और उसका प्रेमी अमरदीप आरोपी हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. अमित कश्यप हत्याकांड में आज सुनाया जाएगा अदालत का फैसला।

  2. पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप पर पति की हत्या का आरोप।

  3. हत्या के बाद शव के पास सांप छोड़ने का भी आरोप।

जागरण संवाददाता, मेरठ। अमित कश्यप हत्याकांड में आज फैसला आएगा। मामले में में पत्नी रविता और उसका प्रेमी अमरदीप आरोपित हैं। पीड़ित पक्ष की ओर से 12 गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। अमित का भाई मोनू और मां मुनेश मुख्य गवाह हैं, जिन्होंने अदालत में कहा कि अमरदीप को हत्या की रात घर में प्रवेश करते देखा था।

पुलिस के आरोप पत्र में उल्लेख है कि रविता ने अमित का हाथ पकड़ा और अमरदीप ने गला दबाकर उसकी हत्या की। इसके बाद शव के पास चारपाई पर सांप छोड़ दिया गया था। सपेरे की गवाही भी महत्वपूर्ण मानी गई है। सपेरे कीर्तन ने अदालत में अमरदीप की पहचान कर बताया था कि उसने माता के जागरण में पूजा की बात कहकर एक हजार रुपये में सांप खरीदा था।

यह है पूरा मामला

बहसूमा के गांव अकबरपुर सादात में पत्नी रविता ने पड़ोसी प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित कश्यप को मौत के घाट उतार दिया था। 13 अप्रैल की सुबह अमित का शव चारपाई पर मिला था। बेटे पांच वर्षीय अनिकेत ने सुबह उसे जगाने का प्रयास किया, जब वह नहीं उठा तो उसने शोर मचाया।

स्वजन ने आकर देखा तो अमित की कमर के नीचे सांप दबा था। अमित के चेहरे, गर्दन व नाक पर चोट के सात निशान भी मिले थे। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने रविता और अमरदीप को गिरफ्तार कर लिया था।

अधिवक्ता बलराज सिंह ने बताया कि मुकदमे में बहस पूरी हो चुकी है। बुधवार को अदालत निर्णय सुनाएगी। रविता और अमरदीप को जेल से कोर्ट में लाया जाएगा। अमरदीप के चाचा ने गवाही दी है कि अमित की हत्या वाले दिन वह अपने मामा के घर पर था, जबकि रविता की तरफ से किसी ने गवाही नहीं दी। जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि अभी तक उनके पास ऑनलाइन पेशी का कोई आदेश नहीं आया है। दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Meerut Murder Case: सपेरे ने बता दी सांप की सच्चाई, घर में 9 लोगों का परिवार; फिर कैसे रच दी गई हत्या की पटकथा?