इमरान मसूद के बाद विधायक मसूद अख्तर को भी आश्वासन का 'टिकट', अखिलेश के साथ बैठक में यह रहा निर्णय
UP Assembly Election 2022 कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में आए इमरान मसूद को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संतुष्ट कर दिया है। गुरुवार को इमरान मसूद से की थी सपा मुखिया ने मुलाकात। अख्तर व आशु मलिक के साथ बैठकर अखिलेश ने साधा संतुलन।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में आए इमरान मसूद को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संतुष्ट कर दिया है। इसके साथ ही उनके साथी सहारनपुर देहात से कांग्रेस विधायक मसूद अख्तर से भी अखिलेश ने शुक्रवार को लखनऊ में वार्ता की तथा उन्हें भी संतुष्ट कर दिया। उन्हें पार्टी में पूरा सम्मान देने का भरोसा दिलाकर सपा प्रत्याशियों को चुनाव लड़वाने के लिए कहा गया है। अब मसूद अख्तर संतुष्ट हैं, कहते हैं उन्होंने ही सपा में आने में देर की, उनके सपा में आने तक काफी कुछ टिकट वितरण की तस्वीर साफ हो चुकी थी। सपा से सहारनपुर देहात सीट पर आशु मलिक चुनाव लड़ेंगे, मैं उन्हें पूरा समर्थन करूंगा।
दरअसल मसूद अख्तर सहारनपुर देहात सीट से कांग्रेस विधायक हैं। इमरान मसूद के साथ सपा में आने के बाद वह इस सीट पर सपा से टिकट मांग रहे थे, लेकिन इस सीट पर मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी पूर्व एमएलसी आशु मलिक की टिकट को लेकर दावेदारी थी। मुलायम सिंह का आशु मलिक को लेकर दबाव था, ऐसे में अखिलेश यादव के लिए सहारनपुर देहात सीट पर टिकट फाइनल करना मुश्किल बना हुआ था।
अखिलेश ने शुक्रवार को मसूद अख्तर को लखनऊ बुलाया तथा उन्हें सपा प्रत्याशी आशु को चुनाव लड़वाने के लिए कहा। मुलाकात में आशु मलिक भी मौजूद थे। आशु मलिक मूल रूप से मुरादनगर के रहने वाले हैं। अखिलेश के प्रस्ताव पर मसूद अख्तर तैयार हो गए। मसूद अख्तर कहते हैं पार्टी अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया है कि पार्टी की सरकार बनी तो उन्हें पूरा सम्मान मिलेगा। अखिलेश यादव के व्यवहार से वह बेहद खुश हैं तथा सपा प्रत्याशियों को पूरा समर्थन कर चुनाव लड़वाएंगे।
थोड़ा झुके इमरान तो अखिलेश ने भी रखा सम्मान
इमरान मसूद लंबे समय से सपा को भाजपा के समकक्ष खड़ा कर रहे थे। वह कांग्रेस पर भी सपा से गठबंधन के लिए दबाव बना रहे थे। कांग्रेस ने सपा से गठबंधन नहीं किया, इसके बाद इमरान सपा में चले गए, लेकिन यहां लगभग हफ्ते भर बाद भी इमरान को टिकट नहीं दिया गया, न ही उनके दामाद शायान और सपा में साथ आए मसूद अख्तर को टिकट दिया गया। अंतत: अखिलेश यादव ने इमरान को लखनऊ बुलवाया तथा उनकी पसंद का जिलाध्यक्ष तथा उनके खास दावेदार को रामपुर मनिहारान से टिकट देकर संतुष्ट किया गया।
अब तलाश पूरी, सपा की छांव में रहेंगे मसूद
मसूद अख्तर सहारनपुर सीट को छोडऩा नहीं चाहते थे, सपा में बात नहीं बनने पर यह चर्चा भी आम रही कि मसूद अख्तर ने कांग्रेस से पुन: टिकट लेने की कोशिश की, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली। बसपा में भी उन्होंने राह तलाशी, लेकिन मनमाफिक बात नहीं बनने पर मसूद अख्तर ने सपा मुखिया की बात मानकर उनका सम्मान बढ़ाया। मसूद कहते हैं अब कोई अन्य विकल्प नहीं तलाशना है, अब सपा में ही रहकर चुनाव लड़वाना है। इससे यह माना जा रहा है कि फिलहाल सपा की छांव में ही मसूद अख्तर रहेंगे।