पांच घंटे कोहरे के बाद दिनभर रही ठिठुरन
हाड़कंपकंपा देने वाली ठंड में शुक्रवार को दूसरे दिन भी कोहरे की चादर ने समूचे नगर को अपने आगोश में ले लिया।
मेरठ, जेएनएन। हाड़कंपकंपा देने वाली ठंड में शुक्रवार को दूसरे दिन भी कोहरे की चादर ने समूचे नगर को अपने आगोश में ले लिया। सुबह सात बजे शुरू हुआ करीब पांच घंटे बाद छंटा। कोहरे के कारण बाजार भी ठंडे रहे और सड़कों पर घटना कोहरा होने से वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। दिन पर दिन ठंड कहर बरपा रही है। कड़ाके की ठंड के बीच शुक्रवार को दूसरे दिन भी सुबह से कोहरा छाया रहा। सुबह लगभग सात बजे शुरू हुए कोहरे ने कुछ ही देर में नगर व क्षेत्र को अपने आगोश में लिये रखा। व्यापारियों ने तो प्रतिष्ठान सुबह निश्चित समय पर खोल दिए थे, लेकिन कोहरे के कारण इक्का-दुक्का ग्राहक दिखाई दिए। वहीं, मुख्य मार्ग पर वाहन रेंगते दिखाई दे रहे थे। गोल मार्केट, सुभाष बाजार, दयानंद बाजार, गुड़मंडी, हस्तिनापुर रोड पर बाजार खुले थे लेकिन ग्राहक नदारद थे। व्यापारी ग्राहकों की बाट जोहते नजर आए। लगभग ग्यारह बजे तक कोहरा रहा, लेकिन उसके बाद कोहरा कम होने पर सूर्य देव नजर आए और हल्की धूप निकलने पर कुछ राहत महसूस हुई। शाम को सूरज छिपने के बाद फिर से हाड़कंपकंपाने वाली ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया। बाजारों में फिर से सन्नाटा पसरने लगा। रोजाना की तरह देर शाम सुभाष चौक, थाना तिराहा व खतौलिया चौक पर लोगों ने अलाव का सहारा लिया।
गन्ने लदे वाहन बन सकते हैं हादसे का सबब
कस्बे में ओवरलोड वाहनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। नगर के मवाना रामराज रोड मार्ग पर पड़ने वाले सेंटरों से टिकौला व मवाना मिल में गन्ना जाता है, लेकिन गन्ने के ट्रैक्टर-ट्रोले ओवरलोड होने के कारण मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या रहती है। जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटना भी हो चुकी है, लेकिन ओवरलोड वाहनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। नगर के व्यापारी कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देकर ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग कर चुके हैं लेकिन इस और ध्यान नहीं दिया गया। शुक्रवार को थाने के पास जाम की समस्या रही और पुलिस मूक दर्शक बनी रही। थाना प्रभारी शिवदत्त ने बताया कि दो दिन पूर्व कुछ ओवरलोड ट्रैक्टरों के चालान भी किए जा चुके हैं। ओवरलोड वाहनों पर जल्द ही अंकुश लगाया जाएगा।