पेरेंट्स ध्यान दें! सेंट मेरीज और सोफिया स्कूल मेरठ में एडमिशन का बिगुल बजा, रजिस्ट्रेशन प्रोसेस सहित पूरी जानकारी
मेरठ के सेंट मेरीज एकेडमी और सोफिया गर्ल्स स्कूल में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी और एलकेजी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। पंजीकरण 5 से 11 दिसंबर तक ऑनलाइन होंगे, जिसमें आयु सीमा और आवश्यक दस्तावेजों के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

- ,
HighLights
सत्र 2027-28 के लिए दोनों स्कूलों ने जारी किए प्रवेश के लिए नोटिस।
नर्सरी, एलकेजी में प्रवेश को निर्धारित आयु सीमा व कई दस्तावेज आवश्यक।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों में नए शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। कैंट स्थित सेंट मेरीज एकेडमी और सोफिया गर्ल्स स्कूल ने नर्सरी और एलकेजी कक्षाओं में प्रवेश के लिए पंजीकरण कार्यक्रम जारी कर दिया है।
सेंट मेरीज एकेडमी में नर्सरी के लिए पांच से सात दिसंबर तक आनलाइन पंजीकरण होंगे, जबकि सोफिया गर्ल्स स्कूल में नर्सरी के लिए आठ और नौ दिसंबर व एलकेजी के लिए 10 और 11 दिसंबर को आनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। दोनों स्कूलों ने आयु सीमा, जन्म प्रमाणपत्र और जरूरी दस्तावेजों को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सेंट मेरीज एकेडमी : 5 से 7 दिसंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण
सेंट मेरीज एकेडमी में सत्र 2027-28 के लिए केवल नर्सरी कक्षा में बालक और बालिकाओं के प्रवेश होंगे। आनलाइन पंजीकरण पांच दिसंबर को रात 12 बजे से शुरू होकर सात दिसंबर को रात 11:59 बजे तक चलेगा। अभिभावकों को सबसे पहले स्कूल की वेबसाइट www.stmarysmeerut.com पर अपना नाम पंजीकृत करना होगा। इसके बाद प्राप्त लागिन आइडी और पासवर्ड से पोर्टल पर प्रवेश कर पंजीकरण फार्म भरना होगा।
प्रास्पेक्टस और पंजीकरण फार्म के लिए 2000 रुपये और लागू बैंक शुल्क आनलाइन नेट बैंकिंग, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से जमा करने होंगे। यह शुल्क वापस नहीं होगा। सफल पंजीकरण और भुगतान के बाद फार्म, जरूरी दस्तावेजों की सूची और भुगतान रसीद लागिन अकाउंट से डाउनलोड की जा सकेगी।
फार्म जमा करने का कार्यक्रम
ऑनलाइन पंजीकरण के बाद फार्म और जरूरी दस्तावेज स्कूल में निर्धारित तिथियों पर सुबह 9:30 से दोपहर 1:30 बजे तक जमा करने होंगे।
- 16 दिसंबर : फार्म नंबर 2710001 से 2710250 तक।
- 17 दिसंबर : फार्म नंबर 2710251 से 2710500 तक।
- 18 दिसंबर : फार्म नंबर 2710501 से आगे तक। इसमें रक्षा श्रेणी के आवेदन भी शामिल हैं।
फार्म जमा करने की तिथि की सूचना ईमेल, एसएमएस या स्कूल की वेबसाइट के माध्यम से भी दी जाएगी। इंटरैक्शन की तारीख अलग से बताई जाएगी।
तीन से चार वर्ष आयु होना जरूरी
नर्सरी में प्रवेश के लिए बच्चे की आयु 31 मार्च 2027 को तीन वर्ष से अधिक और चार वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। यानी एक अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 के बीच जन्मे बच्चे आवेदन कर सकेंगे। स्कूल के अनुसार बच्चे का जन्म पंजीकरण जन्म के तीन महीने के भीतर कराया गया होना चाहिए। नगर निगम या कैंटोनमेंट बोर्ड से जारी जन्म प्रमाणपत्र ही मान्य होगा। अस्पताल से जारी जन्म प्रमाणपत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रमाणपत्र पर बच्चे का नाम होना भी अनिवार्य है।
ये दस्तावेज लगाने होंगे
- बच्चे के नाम सहित जन्म प्रमाणपत्र की राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित प्रति।
- सरकारी स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बच्चे के नाम वाला रुबेला टीकाकरण कार्ड।
- मूल भुगतान रसीद।
- पंजीकृत चिकित्सक का मूल फिटनेस प्रमाणपत्र।
- बच्चे के टीकाकरण कार्ड की प्रति।
- माता-पिता के कोविड टीकाकरण प्रमाणपत्र की प्रति।
- स्थानीय निवास और पहचान के लिए माता-पिता का अधिवास प्रमाणपत्र, मतदाता पहचान पत्र, बिजली, बीएसएनएल टेलीफोन या पानी का बिल, पासपोर्ट अथवा आधार कार्ड में से किसी एक की प्रति।
- इसी स्कूल में पढ़ रहे बड़े भाई या बहन की रिपोर्ट कार्ड की प्रति, यदि सिबलिंग अंक का दावा करना है।
- पूर्व विद्यार्थी अभिभावकों को एक्सएमए सदस्यता संख्या के साथ पास प्रमाणपत्र की प्रति देनी होगी।
- एससी, एसटी और ओबीसी श्रेणी के आवेदकों को बच्चे के नाम का प्रमाणपत्र लगाना होगा।
- रक्षा कर्मियों के बच्चों के मामले में सेवा में कार्यरत अभिभावक का मूल पहचान पत्र इंटरैक्शन के समय दिखाना होगा।
अभिभावकों के हस्ताक्षर अनिवार्य
स्कूल ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण फार्म माता-पिता या कानूनी अभिभावक ही आधिकारिक दस्तावेजों के आधार पर भरें। बच्चे और माता-पिता के नाम और जन्मतिथि में बाद में बदलाव स्वीकार नहीं होगा। फार्म की दोनों शीट का प्रिंट आउट लेकर पिता और माता दोनों के हस्ताक्षर कराना अनिवार्य है। सभी फोटोकापी पर अभिभावकों के स्वहस्ताक्षर और हर दस्तावेज के ऊपर दाएं कोने में पंजीकरण संख्या लिखनी होगी।
फार्म जमा करने के दिन बच्चों को स्कूल परिसर में लाने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि बाद में निर्धारित इंटरैक्शन के समय माता-पिता को बच्चे के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। सभी मूल दस्तावेज इंटरैक्शन के दिन सत्यापन के लिए दिखाने होंगे। स्कूल ने यह भी स्पष्ट किया है कि पंजीकरण या प्रास्पेक्टस मिलने का अर्थ प्रवेश की गारंटी नहीं है।
सोफिया गर्ल्स स्कूल : 8 दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन
सोफिया गर्ल्स स्कूल ने सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी और लोअर किंडरगार्टन (एलकेजी) में प्रवेश के लिए आनलाइन पंजीकरण कार्यक्रम जारी किया है। दोनों कक्षाओं के आवेदन अलग-अलग तिथियों पर होंगे। स्कूल की वेबसाइट www.sophiameerut.org पर ही पंजीकरण फार्म उपलब्ध रहेगा।
कक्षा के अनुसार पंजीकरण तिथि
- नर्सरी : 8 दिसंबर सुबह आठ बजे से 9 दिसंबर रात आठ बजे तक।
- एलकेजी : 10 दिसंबर सुबह आठ बजे से 11 दिसंबर रात आठ बजे तक।
स्कूल ने अभिभावकों को निर्देश दिए हैं कि एक बच्चे के लिए एक से अधिक फार्म न भरें।
आयु सीमा
एक अप्रैल 2027 को निर्धारित आयु के आधार पर प्रवेश के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
- नर्सरी : एक अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 के बीच जन्मी बच्चियां।
- एलकेजी : एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 के बीच जन्मी बच्चियां।
एक हजार रुपये पंजीकरण शुल्क
सोफिया गर्ल्स स्कूल में पंजीकरण शुल्क एक हजार रुपये निर्धारित किया गया है। यह राशि नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से आनलाइन ही जमा करनी होगी। पंजीकरण शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
स्कूल के अनुसार नगर निगम द्वारा बच्चे के जन्म के तीन महीने के भीतर पंजीकृत जन्म प्रमाणपत्र ही स्वीकार किया जाएगा। जन्म प्रमाणपत्र पर बच्चे का नाम होना अनिवार्य है। बिना बच्चे के नाम वाला प्रमाणपत्र मान्य नहीं होगा।
फार्म जमा करने के लिए माता-पिता को बच्चे के साथ आना होगा
सोफिया गर्ल्स स्कूल में पंजीकरण फार्म जमा करने के लिए माता-पिता दोनों को बच्चे के साथ स्कूल आना होगा। फार्म के साथ जरूरी दस्तावेज भी जमा करने होंगे। इसके लिए फार्म सबमिशन स्लिप में दी गई तारीख और समय का पालन करना होगा।
स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण कराने से प्रवेश सुनिश्चित नहीं होगा। प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी तरह की सिफारिश स्वीकार नहीं की जाएगी। स्कूल ने यह भी कहा है कि किसी प्रकार का चंदा या डोनेशन नहीं लिया जाता है। अभिभावकों को बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। प्रवेश के संबंध में प्रबंधन का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होगा।
दोनों स्कूलों ने अभिभावकों को सलाह दी है कि आवेदन से पहले अपनी-अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें, ताकि दस्तावेजों या आवेदन में किसी तरह की त्रुटि के कारण परेशानी न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।