'पा' के अमिताभ जैसा मेरठ का आदित्य
भारत के मेरठ शहर में प्रोजेरिया नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित मरीज का पहला मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। चंद वर्ष पहले अमिताभ बच्चन ने 'पा' फिल्म में एक अजीबो गरीब बीमारी से ग्रस्त बच्चे का किरदार निभाया था। इसके बाद प्रोजेरिया नामक यह दुर्लभ बीमारी देश में पहली बार चर्चा में आई। एम्स दिल्ली की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर भारत में इस बीमारी का पहला मामला मेरठ में मिला है। इससे ग्रसित मरीज का छह मार्च को आॅस्ट्रेलिया के द रायल मेलबार्न हॉस्पिटल में ऑपरेशन होगा।
मेरठ के कल्याणपुर गांव के नौ वर्षीय आदित्य मिश्रा चार वर्ष पहले इस बीमारी की वजह से डॉक्टरों के बीच अबूझ पहेली बन गए थे। दिल्ली में फोर्टिस अस्पताल की डॉ. अपर्णा अग्रवाल की टीम ने जांच के बाद आदित्य को प्रोजेरिया से पीड़ि़त बताया। डॉ. अपर्णा व उनके पति डॉ. दीपक अग्रवाल ने इलाज की जिम्मेदारी उठाई है। इसमें श्री श्याम शरणम मंडल का भी सहयोग लिया गया। चिकित्सकों का कहना है कि छह मार्च को मरीज का मेलबर्न में ऑपरेशन किया जाएगा, जिससे उसकी जिंदगी बेहतर की जा सके। इलाज पर करीब नौ लाख रुपए का खर्च आएगा। आदित्य के पिता अंशुमान ने बताया कि शुक्रवार को बच्चे को ऑस्ट्रेलिया ले जाया जाएगा।
यह भी पढ़ें:उम्र 14 साल शरीर 110 साल का!
क्या है प्रोजेरिया:
यह फिजियोलॉजी की बीमारी है। इसमें हर एक वर्ष की उम्र पर आठ वर्ष की तेजी से शरीर में बदलाव आता है। सिर्फ दस वर्ष की आयु में पीड़ित के शरीर में 50-60 वर्ष की उम्र जैसे बदलाव आ जाते हैं। शरीर का विकास नहीं होता है। जबकि बाल झड़ने, चमड़े में झुर्रियां व दांतों के गिरने के साथ बुढ़ापे के लक्षण तेजी से आते हैं। हड्डियां गलने लगती हैं। हालांकि इन मरीजों के दिमाग में लेप्रनिन नामक प्रोटीन बनता रहता है, ऐसे में दिमाग संतुलित रहता है। लेकिन अन्य अंग बुढ़ापे की वजह से तेजी से बढ़ते हैं। इन मरीजों की पैदाइश बिल्कुल सामान्य होती है, जबकि बड़े होने पर बीमारी के लक्षण अचानक उभरते हैं।