Accident In Fog: ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस पर कोहरे का कहर, आपस में टकराए वाहन, कई घायल Baghpat News
Accident In Fog कोहरे के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। यहां बागपत के ईपीई पर कोहरे के कारण लहचौड़ा पर तीन ट्रक आपस में टकरा गए। एक बाइक भी टकरा गई। इससे चालक समेत कई लोग घायल हो गए। यहां पर हादसे थम नहीं रहे हैं।
बागपत, जेएनएन। वेस्ट यूपी में कोहरे के कारण हादसों का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। कोहरे के कारण ईपीई पर वाहनों के आपस में टकराने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार को कोहरे ने पूरे जिले को अपने आगोश में ले लिया।कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इन हादसों में कई लोग घायल हो गए।
कोहरे के कारण ईपीई पर लहचौड़ा पर तीन ट्रक आपस में टकरा गए। एक बाइक भी टकरा गई। इससे चालक समेत कई लोग घायल हो गए। वहीं दिल्ली- सहारनपुर हाइवे पर भी ट्रैक्टर से कार टकराने से बच गई। वहीं रटौल में भी दो बाइक टकरा गई, जिससे तीन लोग घायल हो गए। ईपीई पर बड़ागांव के पास खड़े ट्रक में मिनी बस टकरा गई। कुरुक्षेत्र के लाडवा कस्बे से अंकुर परिवार के 12 सदस्यों के साथ मिनी बस से वृंदावन जा रहा था। चालक अरविंद घायल हो गया। इसके अलावा तीन कार आपस में टकरा गई। एक ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। यमुना पुल के पास भी वाहन आपस में टकरा गए।
कोहरे में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस पर हादसे रोकने के लिए अभी तक कोई इंतजाम नहीं है। स्थानीय प्रशासन टोल बूथों पर ही वाहन चालकों को धीरे वाहन चलाने की अनुरोध कर अपनी इतिश्री कर लेता है। साथ ही एनएचएआइ को पत्र लिखकर हादसे रोकने का अनुरोध करता है। इसके बाद व्यवस्था रामभरोसे छोड़ दी जाती है। सबसे अधिक हादसे वाहन के ईपीई पर किनारे खड़े होने के कारण होते है। इस एक्सप्रेस वे लगातार हादसे हो रहे हैं।