SSR Suicide Case में मेरठ के अभिषेक सोम ने बांबे हाई कोर्ट में डाली याचिका
अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाले मेरठ के अभिषेक सोम ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में बांबे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर प्रकरण की सीबीआइ जांच की मांग की।
मेरठ, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या केस में देश में लोगों की सीबीआइ मांग आवाज तेज हो रही है। इसी बीच अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाले मेरठ के अभिषेक सोम ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में बांबे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर प्रकरण की सीबीआइ जांच की मांग की है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और पुलिस पर लीपापोती करने का भी आरोप लगाया है।
अभिषेक सोम ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को बांबे हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया है। इसमें उन्होंने सीबीआइ जांच की मांग करते हुए महाराष्ट्र सरकार और पुलिस पर भी सवाल उठाए हैं। कोर्ट में याचिका दायर करने के पीछे उनकी मंशा सिर्फ यही है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो। बिहार में जो रिपोर्ट दर्ज हुई है, वह सिर्फ वित्तीय धोखाधड़ी के लिए है, जबकि घटनाक्रम से उस मुकदमे का कोई लेना-देना नहीं है। लोगों को गुमराह किया जा रहा है। साथ ही बिहार में सुशांत सिंह को चुनावी मुद्दा बनाया जा रहा है। वहां के नेताओं ने अब राजनीति शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सरधना तहसील के कालंदी गांव निवासी अभिषेक सोम ने फिल्म पद्मावत को लेकर संजय लीला बंसाली और दीपिका पादुकोण के खिलाफ विवादित बयान दिया था।
बिहार पुलिस महाराष्ट्र में कर रही जांच
सुशांत सिंह राजपूत केस की गुत्थी सुलझाने में बिहार की पुलिस महाराष्ट्र में जुटी हुई है। इसी बीच महाराष्ट्र और बिहार पुलिस का विवाद खुलकर सामने आ रही है। वहीं सुशांत सिंह राजपूत केस को लेकर देश में सीबीआइ जांच की मांग तेज हो रही है।