तहरी खाने गए युवक पर बरसाईं गोलियां, युवक घायल Meerut News
मेरठ में तहरी खाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें दुसरे पक्ष ने एक युवक को गोली मार दी। इस दौरान युवक घायल हो गया। पुलिस ने इसे अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
मेरठ, जेएनएन। कोतवाली के गोला कुआं पर तहरी खाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। पैर में गोली लगने से युवक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को भर्ती कराया। वहीं लॉकडाउन के बावजूद हमलावर घर पर ताला लगाकर भाग गए। तीन माह पहले भी दोनों पक्षों में मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने तीन हमलावर भाइयों के विरुद्ध जानलेवा हमले व दोनों पक्षों पर लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया।
गोला कुआं निवासी सलाउद्दीन के बेटे बाजो और पड़ोसी शाहजेब में तीन माह पहले भी मारपीट हुई थी। तब आसपास के लोगों ने उनमें समझौता करा दिया था। मंगलवार सुबह शाहजेब पड़ोसी बाजो के घर पर तहरी खाने चला गया। दोनों में पुराने विवाद को लेकर बहस हो गई। शाहजेब का आरोप है कि बाजो, समीर और तैय्यब ने तमंचे से फायरिंग कर दी। एक गोली शाहजेब के पैर में लगी। आरोप है कि पुलिस के सामने भी हमलावर फायरिंग करते रहे। पुलिस घायल शाहजेब को अस्पताल ले गई। हमलावर घर पर ताला लगाकर भाग गए। चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि घायल पक्ष की तहरीर पर सलाउद्दीन के तीनों बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं दोनों पक्षों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आखिर, कहां से आए तमंचे
लॉकडाउन के बावजूद भी तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग की जा रही है। सवाल है कि तमंचे कहां से आ रहे हैं। सीओ दिनेश शुक्ला ने बताया कि इसकी पड़ताल कराई जा रही है कि तमंचे कहां से आए थे। आरोपितों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
टेक्नीशियन ने जान दी
आई-ब्लॉक में किराये के कमरे में रहने वाले टेक्नीशियन ने खुदकशी कर ली। दो दिनों से फोन न उठाने पर सीनियर साथी जब उसके कमरे पर पहुंचे तो वह पंखे पर फांसी से लटका मिला। अमरोहा के धनौरा मंडी थाना क्षेत्र के स्याली गांव निवासी शशिकांत त्यागी (25) पुत्र भूदेव त्यागी आइ-ब्लॉक में किराये पर रहता था। वह प्राइवेट कंपनी में टेक्नीशियन था। पुलिस का मानना है कि मृतक ने दो दिन पहले आत्महत्या की है। पुलिस ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सफाईकर्मी पर हमला थाने पर किया हंगामा
पल्लवपुरम फेज-वन, डबल स्टोरी निवासी सतपाल नगर निगम में संविदा सफाई कर्मचारी हैं। उनकी ड्यू्टी वार्ड-सात में है। मंगलवार को वे नाले के पास कृष्णानगर में गाड़ी से डोर-टू-डोर कूड़ा उठा रहे थे। कालोनी निवासी सागर ने अपने मकान के सामने काटे गए पेड़ के पत्ते और कूड़ा उठाने को कहा था, जिस पर सतपाल ने कहा कि उनकी गाड़ी भर गई है। पीछे दूसरी गाड़ी आ रही है, उसमें भरवा दें। आरोप है कि इस पर दोनों में मारपीट हो गई। परिजन भी आ गए और सफाईकर्मी पर फावड़े से हमला कर दिया। बचकर जैसे ही सतपाल भागे तो नाली में गिरकर घायल हो गए। अन्य कर्मचारियों को आता देख आरोपित भाग गया। सफाई कर्मचारी नेता कैलाश चंदौला के नेतृत्व में अन्य कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर थाने का घेराव किया। एसओ ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित गिरफ्तार कर लिया गया है।